भिवानी। शहर के भीम स्टेडियम में 68 वीं राष्ट्रीय स्कूली कबड्डी खेलकूद स्पर्धा का आगाज शनिवार को हुआ। स्पर्धा के प्रथम दिन के मुकाबलों में हरियाणा की लड़कों व लड़कियों का जलवा रहा। प्रथम दिन का पहला लड़कियों का मुकाबला हरियाणा और एनवीएस टीम के बीच खेला गया।
मुकाबले में हरियाणा की लड़कियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए एनवीएस को 55 अंकों से हराकर जीत हासिल की। वहीं, हरियाणा के लड़कों का पहला मुकाबला दादर नगर हवेली टीम के साथ हुआ। लड़कों के पहले मैच में हरियाणा टीम ने दादर नगर हवेली को 42 अंकों से हराकर मैच को अपने नाम किया।
शहर के भीम स्टेडियम में 68 वीं स्कूली कबड्डी खेलकूद स्पर्धा का शुभारंभ सांसद धर्मबीर सिंह व विधायक घनश्याम सर्राफ, विधायक कपूर सिंह की मौजूदगी में किया गया। लड़कियों के पहले मैच का शुभारंभ करते हुए सांसद ने हरियाणा व एनवीएस टीम के कप्तानों के साथ टॉस किया।
खेल शुरू होते ही हरियाणा की तरफ से रेडर ने रेड करके एक अंक हासिल किया। उसके बाद एनवीएस की तरफ से रेडर हरियाणा के पाले में पहुंची। लेकिन हरियाणा की बेटियों ने विपक्षी टीम की खिलाड़ी को अपने पाले में ही दबोच लिया। इस तरह से एनवीएस की खिलाड़ी एक अंक को खोकर हरियाणा टीम को एक अंक देकर गई।
हरियाणा की टीम इस कदर पूरे मैच में हावी रही कि मैच का आधा समय निकल जाने तक दोनों टीमों का स्कोर 39-8 पर पहुंच गया। हाफ टाइम के बाद फिर से दोनों टीमों का दोबारा मैच शुरू हुआ। हाफ टाइम के बाद पांच मिनट तक हरियाणा की टीम अंक बटोर कर स्कोर को आगे ले जाने में सफल रही। इसके बाद एनवीएस की टीम पर दबाव लगातार बढ़ता गया।
हरियाणा के स्कोर को रोकने के लिए एनवीएस के कोच ने सूझबूझ दिखाते हुए टाइम आउट ले लिया। मैच बीच में कुछ समय के लिए रोक दिया गया। इस दौरान एनवीएस के कोच ने जीत की रणनीति तय की। उसके बाद फिर से मैच शुरू हो गया। लगातार पांच मिनट तक मैच खेला गया, लेकिन एनवीएस के रेडर व कैचर लगातार हरियाणा टीम के आगे ढेर होते गए।
इसके बाद, हरियाणा टीम के कोच ने भी टाइम आउट लिया और अपनी रणनीति में थोड़ा सा बदलाव किया, ताकि ज्यादा अंकों के अंतर से जीत दर्ज कराई जा सके। उसका हरियाणा की टीम को फायदा भी हुआ। मैच के दौरान दोनों टीमों को दो-दो मौके डू एंड डाई के भी मिले।
एनवीएस की टीम ने दो सुपर टैकल भी लगाई, लेकिन जीत के फैसले को कम नहीं कर पाई। फाइनल समय पूरा होने तक दोनों टीमों का स्कोर 71-16 का रहा। इस तरह से हरियाणा की टीम ने 55 अंकों के अंतर से एनवीएस को हराकर लीग का पहला मैच जीत लिया।
हरियाणा के लड़को ने भी जीता 42 अंकों से पहला मुकाबला
भीम स्टेडियम में आयोजित कबड्डी स्पर्धा में पुरुष वर्ग के पहले मैच में हरियाणा व दादर नगर हवेली टीम के बीच मैच खेला गया। मैच शुरू होते ही हरियाणा की टीम की तरफ से रेड मारकर बढ़त बनानी शुरू कर दी। मुकाबले में हरियाणा टीम स्कोर को बढ़ाने में लगी रही। स्कोर का पीछा करते हुए दादर नगर हवेली ने कोशिश की। लेकिन सफल नहीं हो पाई। इस तरह से मैच के समापन तक हरियाणा की टीम ने 52 अंक हासिल किए, जबकि दादर नगर हवेली की टीम मात्र दस अंक ही हासिल कर पाई। हरियाणा की लड़कों की टीम ने दादर नगर हवेली की टीम को 42 अंकों के अंतर से हराकर लीग का पहला मैच जीत लिया।