बाइक से बेटे की शादी का कार्ड देने जा रहे व्यक्ति की सड़क हादसे में मौत हो गई। ढिगावा मंडी के समीप सड़क हादसा हुआ है। बेटी की शादी 24 नवंबर को होनी है।
हरियाणा के भिवानी में ढिगावा मंडी क्षेत्र में दिल्ली-पिलानी नेशनल हाईवे 709ई पर कस्बा ढिगावा मंडी के समीप स्कूल बस की टक्कर से बेटे की शादी का कार्ड देने जा रहे बाइक सवार व्यक्ति की मौत हो गई। हादसे की सूचना डायल 112 पर पुलिस को दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और लोहारू अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम कराया। मृतक के भाई के बयान दर्ज कर इस संबंध में निजी स्कूल बस चालक के खिलाफ केस दर्ज किया है।
विज्ञापन
गांव चिड़िया निवासी श्रीभगवान (48) अपने गांव से बाइक पर सवार होकर खरकड़ी में अपने रिश्तेदारों को बेटे की शादी का निमंत्रण देने के लिए जा रहा था। श्रीभगवान दिल्ली पिलानी नेशनल हाईवे 709 ई पर कच्चे रास्ते पर जाने के लिए मुड़ रहा था तो खरकड़ी से ढिगावा की ओर आ रही निजी स्कूल बस से उसकी भिड़ंत हो गई। सड़क हादसे में गंभीर घायल को ग्रामीणों की सहायता से एक ऑटो रिक्शा से ढिगावा पीएचसी में लाया गया। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
लोहारू पुलिस के जांच अधिकारी हवलदार रणबीर ने बताया कि मृतक के भाई के बयान दर्ज कर इस संबंध में निजी स्कूल वाहन चालक के खिलाफ केस दर्ज किया है। परिजनों ने बताया कि 24 नवंबर को श्रीभगवान के बेटे की शादी होना तय की गई है। इसी की तैयारियों में पूरा परिवार लगा था। जैसे ही सड़क हादसे में श्रीभगवान की मौत का समाचार परिजनों को मिला तो शादी तैयारियों की खुशियां भी मातम में बदल गईं।