भिवानी। राज्य सरकार की ओर से अंत्योदय परिवारों के नए हैप्पी कार्ड बनाने की आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। पात्र लोग सामान्य सेवा केंद्र (सीएससी) से हैप्पी कार्ड बनवाने के लिए आवेदन करवा सकते हैं जिसके बाद संबंधित कंपनी की ओर से पात्र लोगों को हैप्पी कार्ड जारी किए जाएंगे। जारी हैप्पी कार्ड पात्र लोगों को संबंधित डिपो से मिल सकेंगे।
सरकार की ओर से अंत्योदय परिवारों को रोडवेज बसों में मुफ्त यात्रा की सुविधा दी गई है। इसके तहत परिवार पहचान पत्र के अनुसार एक लाख रुपये तक की वार्षिक आय वाले परिवारों को हैप्पी कार्ड दिए जा रहे हैं। इन्हें दिखाकर पात्र लोग रोडवेज बसों में एक साल में एक हजार किलोमीटर तक की मुफ्त यात्रा कर सकते हैं।
जिले में लगभग 95,000 लोगों के हैप्पी कार्ड बनकर रोडवेज डिपो में पहुंच चुके थे। इनमें से करीब 70,000 कार्डों का वितरण विभाग की ओर से किया जा चुका है। अब सरकार की ओर से फिर से हैप्पी कार्डों के लिए अंत्योदय परिवारों के आवेदन स्वीकार किए जा रहे हैं। परिवार पहचान पत्र योजना के जोनल प्रबंधक हेमंत सैनी ने बताया कि इच्छुक और पात्र लोग सीएससी से हैप्पी कार्डों के लिए आवेदन कर सकते हैं।