बवानीखेड़ा। बवानीखेड़ा में बाबा कमाल मंदिर के पास स्थित हलवाई की दुकान पर बैठे हलवाई के भाई व हांसी कोर्ट के कर्मचारी पर कुछ युवकों ने लाठी-डंडों से हमला करके उसे घायल कर दिया। जिसे घायल अवस्था में हांसी के निजी अस्पताल ले जाया गया। जहां उसका उपचार चल रहा है। वहीं पुलिस ने जांच शुरू कर दी।
जानकारी देते हुए दुकान संचालक महेन्द्र मिनोचा ने बताया कि रविवार शाम लगभग साढ़े सात बजे उसकी दुकान पर कार्य करने वाले कासिम के पास उसका भाई आफताब उसके पास खड़ा था और कुछ युवकों ने पुरानी रंजिश के चलते उसके पास आकर उस ताबड़तोड़ हमला कर दिया। 112 पर फोन करने पर काफी देर इंतजार पश्चात वह कासिम व आफताब को लेकर पुलिस स्टेशन चला गया।
पीछे से दुकान पर उसका भाई कृष्ण उर्फ रोढ़ी जो हांसी कोर्ट में नौकरी करता है वह दुकान पर बैठा था। हमलावर हाथों में लाठी, डंडे लेकर आए और उसके भाई पर हमला कर दिया। उसके भाई को घायल अवस्था में हांसी के निजी अस्पताल ले जाया गया। जहां चिकित्सकों ने उसके पैर में फ्रैक्चर बताया और उसका ऑपरेशन किया गया। थाना प्रभारी ओमप्रकाश ने बताया कि मामला उनके संज्ञान में है और पुलिस की टीम घायल के बयान लेने के लिए रवाना हो चुकी है। हमलावरों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है।