फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Bhiwani News: जिले की 11 मंडियों में सातों दिन हैफेड करेगी किसानों की सरसों खरीद, भिवानी मंडी में पहले दिन नहीं आया कोई किसान

विज्ञापन
विज्ञापन
भिवानी। जिले की मंडियों में किसानों की सरसों और गेहूं की खरीद का शेड्यूल जारी होने के बावजूद भी मंडियां तैयार नहीं हैं। मंगलवार को सरसों की सरकारी खरीद शुरू हो गई, मगर पहले दिन भिवानी मंडी में कोई किसान नहीं पहुंचा। जिले की 11 मंडियों में हैफेड सातों दिन किसानों की सरसों की सरकारी खरीद करेगी।
विज्ञापन

वहीं एक अप्रैल से जिले की 11 मंडियों में फूड सप्लाई, हैफेड और एचडब्ल्यूसी द्वारा किसानों के गेहूं की एमएसपी पर खरीद करेगी। फिलहाल जिले के किसान फसल कटाई में जुटे हैं। जिला मुख्यालय की मंडी में मंगलवार को किसानों की सरसों की प्राइवेट और सरकारी खरीद का कोई टोकन नहीं कटा। इस बार भी खुले प्लेटफार्म पर ही किसानों की मेहनत की ढेरी लगेगी, क्योंकि शेड के नीचे आढ़तियों का माल पड़ा है।

भिवानी जिले में गेहूं और सरसों खरीद को लेकर 11 मंडियां निर्धारित की गई हैं। सरसों की खरीद के लिए हैफेड और हरियाणा स्टेट वेयर हाउस कारपोरेशन को अधिकृत किया है। लेकिन पहले हैफेड ही सप्ताह के सातों दिन किसानों की सरसों की खरीद करेगी। इसके बाद अगर जरूरत पड़ी तो ही हरियाणा स्टेट वेयर हाउस कारपोरेशन की बारी आएगी। 26 मार्च से ही सरसों की खरीद शुरू हो चुकी है।
विज्ञापन

जिला मुख्यालय की मंडी सहित अन्य निर्धारित मंडियों में कोई भी किसान अपनी फसल लेकर नहीं पहुंचा। इसकी वजह यह भी है कि अभी किसान अपनी सरसों की कटाई में जुटे हैं, जिन्हें मंडी तक आने में करीब सप्ताह भर और लगेगा। इस बार सरसों पर प्रति क्विंटल 5650 रुपये एमएसपी निर्धारित किया है। जबकि मार्केट में सरसों का भाव 5200 से 5400 प्रति क्विंटल मिल रहा है। एमएसपी खरीद पर किसानों को प्रति क्विंटल मार्केट भाव से 450 से 250 रुपये का अधिक लाभ मिलेगा। जबकि गेहूं का एमएसपी 2275 रुपये निर्धारित है।

पंजीकृत किसानों को आधार कार्ड के साथ कटवाना पड़ेगा गेट पास
जिला मुख्यालय सहित निर्धारित मंडियों में किसानों को सरसों बिक्री करने के लिए मेरी फसल मेरा ब्योरा पोर्टल के पंजीकरण का प्रमाण के साथ अपना आधार कार्ड और रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर दर्ज कराने के बाद ही गेट पास मिलेगा। गेट पास कटाने वाले किसानों की ही हैफेड मंडी में सरसों की सरकारी खरीद करेगा। सरसों में 8 फीसदी नमी वाली सरसों की खरीद होगी, मगर शुरुआत में किसानों की सरसों में अधिकतम 20 फीसदी तक नमी आती हैं, ऐसे किसानों को फसल मंडी में लाने के बाद भी मुश्किलों का सामना करना पड़ेगा।

जिले की इन मंडियों में होगी गेहूं और सरसों की सरकारी खरीद
भिवानी जिले में 11 मंडियां निर्धारित हैं, जिनमें भिवानी, सिवानी, लोहारू, बहल, बवानीखेड़ा, तोशाम, चांग, कैरू, ढिगावा मंडी, जूईकलां, खरक कलां शामिल हैं। इन मंडियों में गेहूं की सरकारी खरीद के लिए तीन एजेंसियां निर्धारित हैं, जबकि सरसों खरीद के लिए फिलहाल हैफेड ही अधिकृत हैं, हैफेड के बाद नेफेड की खरीद में हरियाणा स्टेट वेयर हाउसिंग कारपोरेशन सरसों की खरीद आरंभ करेगी।

700 बंडल बारदाना भी पहुंचा
गेहूं और सरसों की सरकारी खरीद से पहले ही खरीद एजेंसियों की डिमांड पर करीब 700 बंडल बारदाना उपलब्ध कराया जा चुका है। प्रत्येक बंडल में 50 किलोग्राम के पांच सौ कट्टों का बारदाना आता है। खरीद के दौरान भी एजेंसियां अलग से बारदाना की जरूरत के हिसाब से डिमांड कर सकती हैं। अधिकतम बारदाना कोलकाता से ही मंगवाया जाता है।
मंडियों में गेहूं और सरसों की सरकारी खरीद के लिए जिला प्रशासन ने अधिकारियों की नियुक्ति की है। इसके अलावा मंडियों में खरीद के सभी इंतजाम किए जा चुके हैं। सरसों की आवक अभी नहीं हुई है। किसानों के गेट पास के लिए भी कर्मचारी तैनात किए गए हैं। जो किसान मंडी में आएगा उसे गेट पास दिया जाएगा। इसके बाद ही सरकारी एजेंसियां खरीद करेंगी। पहले दिन कोई किसान नहीं आया है।
-श्यामसुंदर, डीएमईओ, हरियाणा कृषि विपणन बोर्ड भिवानी।
लोहारू मंडी में 19 किसानों के कटे गेट पास

लोहारू मंडी में मंगलवार को किसानों के 19 गेट पास काटे गए। ये किसान 441 क्विंटल सरसों की फसल लेकर मंडी में पहुंचे थे। इन किसानों के गेट पास कटने के बावजूद भी पहले दिन कोई खरीद नहीं हुई। वहीं एजेंसी ने किसानों को अपनी सरसों की फसल की झराई कराने और उसमें नमी कम करने के निर्देश दिए गए।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें