भिवानी। गांव खरककलां में सोमवार सुबह किराना दुकानदार जयभगवान द्वारा जहरीला पदार्थ निगलने के बाद उसकी हालत बिगड़ गई। परिजन उसे तुरंत जिला नागरिक अस्पताल लेकर पहुंचे जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। सदर थाना पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर मृतक के भाई के बयान दर्ज किए और मामले में इत्तफाकिया मौत की कार्रवाई की।
गांव खरककलां निवासी संजय ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि उसका भाई 39 वर्षीय जयभगवान गांव में ही किराना की दुकान चलाता था। सोमवार सुबह उसने किसी जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया। जब उसकी तबीयत बिगड़ी तो परिजनों को इसकी जानकारी हुई और वे उसे तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मृतक जयभगवान दो बेटों का पिता था।
खरककलां पुलिस चौकी के जांच अधिकारी प्रहलाद सिंह ने बताया कि मृतक के भाई संजय के बयान दर्ज कर शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। मामले में इत्तफाकिया मौत की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच में जुटी है।