भिवानी। व्यापार और उद्योगों को सरकार बढ़ावा दे। यह बात हरियाणा प्रदेश व्यापार मंडल के प्रांतीय अध्यक्ष और हरियाणा कांफेड के पूर्व चेयरमैन बजरंग गर्ग ने रविवार को यहां व्यापारियों की बैठक के बाद पत्रकार वार्ता में कही।
उन्होंने कहा कि सरकार को व्यापार और उद्योगों को बढ़ावा देने के लिए सुविधा बढ़ानी चाहिए जबकि केंद्र सरकार ने देश, प्रदेश में जीएसटी के तहत कर देयता बढ़ा दी है। इससे व्यापार लगातार पिछड़ता जा रहा है। पहले कपड़ा, चीनी, दूध, दही, लस्सी, खाद पर कभी कर नहीं लगता था, लेकिन केंद्र सरकार ने कपड़ा, चीनी, दूध, दही पर पांच प्रतिशत जीएसटी लगाकर महंगाई बढ़ा दी है।
गर्ग ने कहा कि आम जरूरत के समान पर पहले पांच प्रतिशत वैट लगता था लेकिन इस सरकार ने आम जरूरत के समान पर 18 और 28 प्रतिशत जीएसटी लगाना व्यापारी विरोधी फैसला है। सरकार को व्यापार और उद्योगों को बढ़ावा देने के लिए करों की दरें कम करनी चाहिए। देश और प्रदेश में कर की दरें जितनी कम होंगी उतनी ही महंगाई पर अंकुश लगेगा। इससे देश, प्रदेश में व्यापार, उद्योग और रोजगार बढ़ेगा।
गर्ग ने कहा कि अग्रोहा धाम में 10 नवंबर को विशाल वार्षिक मेला लगेगा। इसमें देशभर से बड़ी संख्या में लोग भाग लेंगे। इस अवसर पर व्यापार मंडल के प्रदेश महासचिव और अग्रोहा धाम वैश्य समाज के प्रांतीय उपप्रधान पवन बुवानीवाला, विजय गोयल टैनी, नरेश गर्ग, प्रदीप गर्ग, रतन अग्रवाल, संजय अग्रवाल, मुकेश मित्तल, अजय गोयल, अजय अग्रवाल, वीरेंद्र गोयल, राजेश गुप्ता सिवानी वाले मौजूद थे।