Sports: पदकों की झड़ी लगाने वाले खिलाड़ियों पर सरकार मेहरबान, सरकार ने दिया नौकरी का प्रस्ताव
Wed, 28 Sep 2022 08:26 AM IST
भूपेंद्र सिंह
नवनीत शर्मा, संवाद न्यूज एजेंसी, भिवानी (हरियाणा)
सार
राष्ट्रमंडल खेल 2022 में पदक विजेता खिलाड़ियों को सरकार ने नौकरी का प्रस्ताव दिया है। कोई सेना, कोई बैंक तो कोई नए खिलाड़ियों को प्रशिक्षित करेंगे। वहीं खिलाड़ी के सामने अब नौकरी का चयन परेशानी का सबब बन गया है।
राष्ट्रमंडल खेल-2022 के पदक विजेता खिलाड़ियों को सरकारों और प्रतिष्ठित संस्थाओं की ओर से नौकरी की पेशकश की गई है। बॉक्सर नीतू घनघस, जैस्मिन लंबोरिया और पहलवान मोहित ग्रेवाल को सरकारी नौकरी के लिए प्रस्ताव मिला है। इसमें नीतू को चार, जैस्मिन को तीन और मोहित को एक विभाग से नौकरी का प्रस्ताव आया है। जैस्मिन लंबोरिया ने सेना में हवलदार बनने के लिए हामी भर दी है। वह भारतीय सेना में जाने वाली देश की पहली बॉक्सर होंगी। वहीं नीतू नौकरी के प्रस्तावों पर विचार कर रही हैं। मोहित का मन अभी पढ़ाई जारी रखने का है।
विज्ञापन
नीतू को चार विभागों से मिला नौकरी का प्रस्ताव
गांव धनाना की बेटी मुक्केबाज नीतू घनघस ने रिंग में पदक जीतकर देश का मान बढ़ाया। अब उन्हें नौकरियों के भी प्रस्ताव मिल रहे हैं। इससे उनके माता-पिता व कोच काफी खुश हैं। नीतू ने राष्ट्रमंडल खेल में स्वर्ण पदक जीतने के साथ ही अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी विशेष पहचान बना ली। नीतू के पिता जयभगवान ने बताया कि नीतू को रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया से असिस्टेंट मैनेजर, भारतीय रेलवे से टीईटी, भारतीय सेना से हवलदार और हरियाणा सरकार की तरफ से सीनियर कोच की नौकरी का प्रस्ताव मिला है। वह अपने परिजनों और कोच के साथ बातचीत कर रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया और सीनियर कोच की नौकरी पर विचार कर रही है।
भारतीय सेना में हवलदार बनेंगी जैस्मिन लंबोरिया
राष्ट्रमंडल खेल में कांस्य पदक विजेता हालुवास गेट महताब दास की ढाणी निवासी महिला मुक्केबाज जैस्मिन लंबोरिया (60 किग्रा) को हरियाणा सरकार की ओर से कोच, भारतीय सेना की ओर से हवलदार और भारतीय रेलवे से टीईटी की ओर से नौकरी का प्रस्ताव मिला है। इसमें से जैस्मिन लंबोरिया ने भारतीय सेना में हवलदार की नौकरी पर अपनी स्वीकृति दी है। जैस्मिन देश की पहली महिला मुक्केबाज है, जो भारतीय सेना में अपनी सेवाएं देंगी। सेना में वे अपनी खेल का अभ्यास जारी रखेंगी। रिंग में बेहतरीन मुक्केबाजों के साथ वे भी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगी। जैस्मिन ने बताया कि सेना में ज्वाइनिंग की प्रक्रिया जल्द ही पूरी हो जाएगी।
विज्ञापन
सरकार ने दिया कोच का ऑफर, पढ़ाई जारी रखेंगे मोहित
गांव बामला निवासी मोहित ग्रेवाल ने राष्ट्रमंडल खेल 2022 में फ्रीस्टाइल 125 किलोग्राम वर्ग में कांस्य पदक अपने नाम कर लिया। मोहित ने बताया कि हरियाणा सरकार की ओर से उन्हें सरकारी कोच का प्रस्ताव मिला है। उसने अभी नौकरी करने का मन नहीं बनाया है। वे अपना अभ्यास और पढ़ाई ही जारी रहेंगे। वे फिलहाल दिल्ली के नरेला में ओलंपिक व एशियन गेम्स के ट्रायल की तैयारी कर रहे हैं। मोहित ने बताया कि वे सीबीएलयू से एमपीईएस कर रहे हैं। वे आगे भी अपनी पढ़ाई जारी रहेंगे।
जिले के ये खिलाड़ी पा चुके हैं विभिन्न पदों पर नियुक्ति
तत्कालीन सरकारों ने इससे पहले जिले के विभिन्न खेलों के खिलाड़ियों को विभागों में नियुक्तियां दी थी। इनमें बॉक्सर विजेंद्र सिंह को डीएसपी, विकास यादव को डीएसपी, मनीष कौशिक भारतीय सेना में सूबेदार, पूजा बोहरा आयकर विभाग में इंस्पेक्टर, अखिल कुमार डीएसपी, जितेंद्र देवसर डीएसपी, परमजीत समोता डीएसपी, दिनेश सांगवान हरियाणा पुलिस में इंस्पेक्टर पद पर नियुक्त किया गया था।