गोशाला मार्ग के निर्माण कार्य का निरीक्षण करते नगर पालिका अध्यक्ष सुंदर अत्री व अन्य।
बवानीखेड़ा। कस्बे में गोशाला मार्ग को करीब 50 लाख रुपये की अनुमानित लागत से पक्का किया जा रहा है। नगर पालिका प्रशासन की ओर से कराए जा रहे इस कार्य से कस्बावासियों और गोभक्तों को आवागमन में राहत मिलेगी। बुधवार को नगर पालिका अध्यक्ष सुंदर अत्री ने अधिकारियों के साथ मौके पर पहुंचकर निर्माण कार्य का निरीक्षण किया।
इस दौरान गोशाला प्रधान रामनरेश पराशर, महावीर अत्री, हिम्मत तंवर, महेंद्र, प्रवीन, सतबीर शर्मा, मामन शर्मा और सोमी महता सहित क्षेत्र के कई लोग मौजूद रहे। गोशाला मार्ग कस्बे के लोगों और गोभक्तों के आवागमन का प्रमुख रास्ता है। इसके पक्का होने से गोशाला आने वाले श्रद्धालुओं को भी सुविधा मिलेगी।
निरीक्षण के दौरान नगर पालिका अध्यक्ष सुंदर अत्री ने कहा कि कस्बे की सड़कों, गलियों और अन्य बुनियादी सुविधाओं का विकास नगर पालिका की प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों और ठेकेदार को निर्देश दिए कि निर्माण कार्य की गुणवत्ता से कोई समझौता न किया जाए। साथ ही काम तय समय-सीमा में पूरा किया जाए ताकि लोगों को जल्द इसका लाभ मिल सके।
जलभराव से मिलेगी मुक्ति
अध्यक्ष सुंदर अत्री ने बताया कि गोशाला मार्ग पर बरसात के दिनों में जलभराव और कीचड़ होने से गोसेवा के लिए आने-जाने वाले लोगों को परेशानी होती थी। क्षेत्रवासियों और गोभक्तों की इस समस्या को देखते हुए रास्ते को इंटरलॉकिंग टाइलों से पक्का किया जा रहा है। इससे राहगीरों और आसपास के लोगों को आवागमन में सहूलियत मिलेगी और टूटी सड़क की समस्या से भी छुटकारा मिलेगा।