बहल। क्षेत्र के गांव गोकलपुरा निवासी एक युवक को जबरन गाड़ी में डालकर अपहरण कर मारपीट करने का मामला सामने आया है। युवक की आरोपियों के साथ पुरानी रंजिश बताई गई है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गोकलपुरा निवासी 12वीं कक्षा के छात्र रितेश ने पुलिस को शिकायत दी। उसने बताया कि 27 अगस्त की शाम करीब 7:30 बजे वह गांव के खेल मैदान में था। इसी दौरान पांच लोग उसके पास आए जिनमें से तीन को वह पहचानता है।
आरोपियों में 12वीं कक्षा के छात्र भी शामिल थे। पुरानी रंजिश के चलते आरोपियों ने उसे घेर लिया। उन्होंने रितेश को जबरन अपनी गाड़ी में डाला और गोकलपुरा खेल मैदान से अपहरण कर लिया।
आरोपी रितेश को बहल-ढाणी के रास्ते से एक सुनसान स्थान पर ले गए। वहां उन्होंने लोहे की रॉड व डंडों से उसके साथ मारपीट की, जिससे उसे चोटें आईं। आरोपियों ने उसका गला दबाकर जान से मारने का प्रयास किया और जान से मारने व गोली मारने की धमकी भी दी। पुलिस थाना प्रभारी उग्रसेन ने छात्र की शिकायत पर अपहरण सहित अन्य धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।