भिवानी। नौकरी, शिक्षा या घूमने के लिए विदेश जाने के इच्छुक लोग जागरूकता के अभाव में अक्सर फर्जी ट्रैवल एजेंटों का शिकार बनकर लाखों रुपये गंवा बैठते हैं। लोगों को ऐसे फर्जी ट्रैवल एजेंटों से सावधान रहने की जरूरत है।
एसपी मनबीर सिंह ने बताया कि विदेश जाने के लिए वीजा लगवाने से पहले एजेंट के बारे में पूरी जानकारी लेकर सरकार से मान्यता प्राप्त एजेंट की ही सेवाएं लें। पुलिस ने विशेष परामर्श जारी कर फर्जी ट्रैवल एजेंटों से सावधान रहने की भी अपील की है।
एसपी ने कहा कि कई लोगों की विदेश जाने की काफी इच्छा होती है। इसका फायदा उठाकर फर्जी ट्रैवल एजेंट वेबसाइट या सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर विज्ञापन देकर लोगों से संपर्क करते हैं। सोशल मीडिया पर प्रसारित नकली यात्रा विज्ञापनों का जवाब देने वाले पीड़ितों को आरोपी अपने झांसे में फंसा लेते हैं।
इसके बाद एजेंटों की ओर से कई तरह के लालच देकर रुपये हड़प लिए जाते हैं। कई मामलों में ये एजेंट आम लोगों को अवैध तरीके से सीमावर्ती दूसरे देशों में भी भेज देते है।
इसलिए हमें ऐसे भ्रामक विज्ञापनों से बचकर रहना चाहिए। लोगों की ओर से बरती गई थोड़ी-सी सावधानी आपको ऐसे ठगों का शिकार होने से बचा सकती है। विदेश जाने से संबंधित कार्यों के लिए हमेशा सरकार से मान्यता प्राप्त एजेंटों की सेवाएं लें और रुपये का भुगतान करने से पहले उस एजेंट के बारे में पूरी जानकारी लें। सावधानी से ही बचाव हो सकता है।