भिवानी। हर साल हजारों युवा नशे और गलत संगत के जाल में फंसकर अपना जीवन बर्बाद कर लेते हैं। यह हरियाणा जैसे प्रगतिशील राज्य के लिए एक गंभीर चुनौती बन गई है। इसी के समाधान की दिशा में हरियाणा स्टेट नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एचएसएनसीबी) ने नशा मुक्त अभियान के तहत उठो और बढ़ो आगे नामक प्रेरणादायी कविता जारी की है।
इसके लिए डीएवी पुलिस पब्लिक स्कूल में एक कक्ष भी स्थापित किया है। जो छात्रों को नशे और गलत संगत के खतरों से परिचित कराते हुए सही निर्णय लेने की कला सिखाता है।
पुलिस अधीक्षक भिवानी नीतीश अग्रवाल ने बताया कि उठो और बढ़ो आगे कविता युवाओं को उनके बचपन और किशोरावस्था के महत्व का अहसास कराती है। यह जीवन के उस महत्वपूर्ण समय की बात करती है, जब सही फैसले उनके भविष्य को उज्ज्वल बना सकते हैं।
कविता सरल और प्रेरणादायक भाषा में नशे और गैंग जैसी समस्याओं के खतरों को उजागर करती है। यह कविता युवाओं को न केवल नशे से दूर रहने की प्रेरणा देती है, बल्कि अपने कौशल को पहचानने और निखारने का आह्वान करती है। साथ ही, यह उन्हें यह भी सिखाती है कि केवल हुनर ही नहीं, बल्कि लोगों से जुड़ने और संवाद करने की क्षमता भी सफलता की कुंजी है।
युवाओं को अपने जीवन को गलत संगत और नशे के जाल से बचाने के लिए व्यापक कदम उठाए जा रहे हैं। एचएसएनसीबी की तरफ से नशा मुक्ति के लिए भी बेहर काम किया जा रहा है। भिवानी जिले में नशा मुक्ति के पुलिस प्रशासन की ओर से चलाए गए अभियान से अधिकांश ग्राम पंचायतें भी जुड़ी हैं, जो नशा मुक्त गांव भी बन चुके हैं। इसी कड़ी में स्कूली बच्चों को भी नशा से होने वाले नुकसान से अवगत कराने का प्रयास किया जा रहा है। -नीतीश अग्रवाल, पुलिस अधीक्षक, भिवानी।