बहल। बहल-हिसार रूट पर चलने वाली कुछ निजी बसों में वैध छात्र बस पास के बावजूद विद्यार्थियों से पूरा किराया मांगा जा रहा है। पास की मान्यता को लेकर परिचालकों और विद्यार्थियों के बीच बहस का वीडियो सामने आने के बाद विद्यार्थियों ने मुख्यमंत्री से शिकायत की है।
बहल से हिसार रूट पर सफर करने वाले राहुल, राजेश सहित अन्य विद्यार्थियों ने आरोप लगाया कि सरकार की ओर से जारी वैध छात्र बस पास होने के बावजूद कुछ निजी बसों में पास स्वीकार नहीं किए जा रहे हैं। परिचालक उनसे पूरा किराया मांगते हैं। विद्यार्थियों का आरोप है कि किराया देने से इन्कार करने पर उनके साथ अभद्र व्यवहार भी किया जाता है।
विद्यार्थियों ने बताया कि इस मामले में क्षेत्र की सात ग्राम पंचायतों के सरपंचों ने उनकी शिकायत पर हस्ताक्षर कर समर्थन दिया है। पंचायत प्रतिनिधियों ने विद्यार्थियों की समस्या का जल्द समाधान कराने की मांग की है।
विद्यार्थियों के समर्थन में आईं सात पंचायतें : निजी बस संचालकों द्वारा सरकारी छात्र पास स्वीकार नहीं किए जाने के मामले में ग्रामीण क्षेत्र की पंचायतें विद्यार्थियों के समर्थन में सामने आई हैं। बहल, पातवान, झुप्पा कलां, गरवा, झुप्पा खुर्द, बड़वा और मुकलान खुर्द ग्राम पंचायतों के सरपंचों ने विद्यार्थियों की शिकायत पर मोहर और हस्ताक्षर कर उनकी मांगों का समर्थन किया है।
पंचायत प्रतिनिधियों ने कहा कि विद्यार्थियों को वैध छात्र पास का लाभ मिलना चाहिए और उनकी समस्या का जल्द समाधान कराया जाना चाहिए।