मुंढाल। गांव मुंढाल का वीर शहीद नायक ओमप्रकाश ढुल राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय व राजकीय कन्या उच्च विद्यालय को माॅडल संस्कृति योजना में शामिल किया गया हैं। शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार करने के लिए विभाग द्वारा स्कूल को इस योजना में शामिल किया गया है। आगामी नए सत्र से यह योजना लागू होगी। इस योजना से जुड़ने के बाद स्कूल केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड से संबंधित होंगे। वहीं ग्रामीणों का तर्क है कि इस स्कूल में पीएमश्री योजना के सभी मानक पूरे होने के बावजूद भी अनदेखी करके निदेशालय द्वारा माॅडल संस्कृति योजना में शामिल किया गया है।
दरअसल, गांव मुंढाल के स्कूल में सर्वप्रथम 1985 में स्कूल को 12वीं कक्षा तक अपग्रेड किया गया था। उस समय हरियाणा के गांवों में 12वीं तक का होने वाला यह पहला स्कूल था और यहां पर आसपास के लगभग 15 गांव के बच्चे पढ़ने के लिए आते थे। लेकिन भवन ज्यादा खस्ताहाल होने के कारण बच्चे कम हो गये थे। तत्कालीन अतिरिक्त डायरेक्टर अमरजीत मान ने 2014 में 6.5 करोड़ की लागत से 17 महीने में पूरे हरियाणा का सबसे अच्छा स्कूल भवन तैयार करवाया था। स्कूल के पास 7.5 एकड का खेल ग्रांउड है।
यहां पर गांव मुंढाल के साथ ही आसपास के गांव से भी लगभग 1000 बच्चे शिक्षा ग्रहण करते हैं। 24 किलोवाॅट के सोलर के सहारे यहां पर 24 घंटे बिजली की व्यवस्था है। निगरानी के लिए सीसीटीवी कैमरे लगे हुए हैं। फिलहाल यहां पर वाणिज्य संकाय को छोड़कर बाकी दोनों संकाय की पढ़ाई होती है। कक्षा 6 से 8 के स्टाफ के अलावा यहां पर पूरा स्टाफ हैं। स्कूल में पीएमश्री योजना में शामिल के मानक पूरे जिले के स्कूलों में से सबसे बेहतर थे। इसके बावजूद निदेशालय ने स्कूल को पीएम श्री योजना में शामिल न करके माॅडल संस्कृति में शामिल करके अनदेखी की है।
स्कूल में किसी तरह की कोई कमी नहीं हैं। बच्चों के लिए जरूरी सभी सुविधाएं स्कूल में उपलब्ध हैं। स्कूल में पीएमश्री योजना में शामिल के मानक पूरे जिले के स्कूलों में से सबसे बेहतर थे। इसके बावजूद शिक्षा निदेशालय ने स्कूल की अनदेखी की है।
-नबाव सिंह, स्कूल इंचार्ज मुंढाल खुर्द।