भिवानी। डीसी साहिल गुप्ता ने बस स्टैंड पर कृपाल रूहानी मिशन आश्रम की ओर से निशुल्क वाटर स्टॉल सेवा का शुभारंभ किया। उन्होंने स्वयं यात्रियों को नींबू पानी वितरित किया। डीसी ने कहा कि गर्मी के मौसम में जल सेवा एक पुण्य कार्य है और समाज के सक्षम लोगों व संस्थाओं को इसमें आगे आकर योगदान देना चाहिए।
कार्यक्रम के दौरान डीसी ने बस स्टैंड परिसर का निरीक्षण भी किया। उन्होंने सफाई व्यवस्था, स्वयं सहायता समूह द्वारा संचालित कैंटीन और हैप्पी कार्ड जारी करने की सेवाओं का जायजा लिया। उन्होंने जीएम रोडवेज दीपक कुंडू को निर्देश दिए कि परिसर में उपलब्ध उपयुक्त स्थान पर महिला स्वयं सहायता समूहों को दुकानें आवंटित की जाएं, ताकि वे आत्मनिर्भर बन सकें। कैंटीन संचालकों को खाद्य सामग्री की गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश दिए।
यातायात प्रबंधक को निर्देश दिए गए कि हैप्पी कार्ड से जुड़े कार्यों में किसी प्रकार की देरी न हो। वाटर स्टॉल सेवा 30 जून तक जारी रहेगी। इस अवसर पर अजमेर सिंह, हेमंत, योगेश, सुरेंद्र, सुंदर, अनिल भारद्वाज, सचिन भारद्वाज, सौरभ भारद्वाज, भावना और पूनम मौजूद रहे। संवाद