सोने की चेन और अन्य सामान गिरवी रखकर जबरन वसूली के मामले में सरपंच व उसकी बहन के खिलाफ केस दर्ज हुआ है। वहीं महिला ने भी तीन के खिलाफ उधार लिए रुपये नहीं लौटाने, गाली गलौज करने और उसकी बेटी से अभद्र व्यवहार करते हुए उठाने की धमकी देने के आरोप लगाए। पुलिस ने महिला की शिकायत पर भी तीन के खिलाफ केस दर्ज किया है।
पुलिस को दी शिकायत में बहल थाना क्षेत्र की महिला एक महिला ने बताया कि उसका बेटा पिछले दो-तीन दिन से मानसिक रूप से परेशान चल रहा था। पूछने पर बताया कि उसने सोने की चेन, मोबाइल फोन व अन्य सामान मनीषा नामक महिला फाइनेंसर के यहां गिरवी रखकर 30 हजार रुपये का कर्ज लिया था। इस कर्ज का रोजाना 700 रुपये ब्याज उससे वसूला जा रहा है। कर्ज पर इतना मोटा ब्याज नहीं दिए जाने पर महिला फाइनेंसर द्वारा धमकियां दी गई कि उसके भाई सरपंच के साथ मिलकर उसे झूठा मुकदमा लगवा देगी। बहल पुलिस ने महिला की शिकायत पर महिला व सरपंच के खिलाफ जबरन वसूली सहित विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज कर तहकीकात शुरू कर दी है। वहीं महिला फाइनेंसर ने भी रुपये नहीं लौटने और बेटी से अभद्रता की शिकायत दी है
कस्बे की विधवा महिला ने दो युवकों पर घर में घुसकर गाली-गलौज करने व नाबालिग लड़की को उठाकर ले जाने की धमकी देने की शिकायत दी है। महिला ने बताया कि कस्बे के दो युवकों ने उससे 20 हजार रुपये उधार लिए थे। बार-बार मांगने पर जब उन्होंने पैसे नहीं लोटाए तो इनके खिलाफ बहल थाना में शिकायत दी थी। जब वह 24 जुलाई दोपहर को अपने घर पर बच्चों के साथ बैठी थी तो उक्त दोनों युवक उसके घर आए और गाली गलौज करते हुए बेटी को उठाने की धमकी दी। इस बारे में 25 जुलाई को बहल थाने में शिकायत दी। पर, पुलिस ने उस पर कार्रवाई नहीं की। महिला हेल्पलाइन से भी मदद नहीं मिली। जिसके बाद उसने एसपी कार्यालय में शिकायत दी। जिस पर अब पुलिस ने तीन के खिलाफ केस दर्ज किया है।