भिवानी। साइबर क्राइम थाना के मुख्य सिपाही रफीक ने सांसद धर्मबीर सिंह के पास न्यूड व्हाट्सएप कॉल करने के मामले में चौथे आरोपी को वीरवार को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए आरोपी की पहचान झरोकरी जिला नूंह निवासी सलीम के रूप में हुई है। मामले में तीन आरोपी पहले गिरफ्तार किए जा चुके हैं।
28 सितंबर 2023 को भिवानी के सांसद के पास न्यूड वीडियो कॉल करने के बारे में साइबर थाने में शिकायत दी गई थी। जिस पर पुलिस की साइबर टीम ने महत्वपूर्ण व तकनीकी साक्ष्यों का अवलोकन कर अभियोग में प्रभावी कार्रवाई करते हुए 8 घंटे के अंदर नूंह जिले के झराेकरी से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया था। इसी मामले में पहले झरोकरी थाना बिछोर जिला नूंह निवासी तालीम, आमेर व गुलावड हाल झरोकरी निवासी फैज मोहम्मद को गिरफ्तार किया जा चुका है।
अपराधियों ने 17 राज्यों के ढाई सौ लोगों की बनाई अश्लील वीडियो क्लिप
आरोपियों को न्यायालय में पेश कर 3 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया था। रिमांड अवधि के दौरान आरोपियों से वारदात के लिए प्रयोग किए गए 13 मोबाइल फोन बरामद हुए थे। आरोपियों ने पूरे देश में कुल 17 अलग-अलग राज्यों में 252 लोगों को न्यूड वीडियो कॉल करके उनकी वीडियो को एडिट करके उन्हें सोशल मीडिया पर अपलोड ना करने व डिलीट करने के नाम पर पीड़ितों से रुपए की डिमांड भी की थी।
इस तरह जाल में फंसाते थे साइबर ठग
इनमें आरोपी फैज मोहम्मद मोबाइल नंबर पर व्हाट्सएप से डायरेक्ट वीडियो कॉल करता था। जैसे ही व्यक्ति के द्वारा वीडियो कॉल उठाई जाती थी, आरोपी एक दूसरे मोबाइल की सहायता से उसमें न्यूड वीडियो चला कर कैमरे के सामने कर देते थे। इस घटना को स्क्रीन रिकॉर्डिंग कर लेते थे। न्यूड वीडियो को वापस पीड़ित के पास भेज कर उससे वीडियो यूट्यूब पर डिलीट करने और वीडियो शेयर नहीं करने के नाम पर रुपये मांगते थे। पुलिस अधिकारी बनकर उनको डर दिखाते थे। आरोपी तालीम पीड़ित से रुपयों की डिमांड करता था। आरोपी आमिर पेशे से ट्रक ड्राइवर है जो अन्य आरोपियों को पश्चिम बंगाल व असम से फर्जी सिम लाकर देता था। आरोपी सलीम को शुक्रवार को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है।