भिवानी। हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की ओर से संचालित करवाई जा रही सीनियर सेकेंडरी की राजनीति विज्ञान की पूरक परीक्षा में नकल के चार मामले पकड़े गए। वहीं डीएलएड की परीक्षा नकल रहित शांतिपूर्वक संचालित हुई।
शिक्षा बोर्ड प्रवक्ता ने बताया कि बोर्ड अध्यक्ष के उड़नदस्ते ने कैथल और बोर्ड सचिव के उड़नदस्ते ने पलवल के परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। जहां परीक्षा नकल रहित सुचारू रूप से संचालित हो रही थी। उन्होंने बताया कि बोर्ड उप-सचिव के उड़नदस्ते ने चरखी दादरी के परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया तथा परीक्षा केंद्र राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक (राकवमा) विद्यालय चरखी दादरी 2 पर परीक्षा ड्यूटी में लापरवाही के चलते एक पर्यवेक्षक को कार्यभार मुक्त किया गया।
इसके अतिरिक्त सहायक सचिव, संचालन उड़नदस्ता ने नूंह के परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया तथा अनुचित साधन प्रयोग के 3 मामले दर्ज किए । जिला प्रश्नपत्र उड़नदस्ता, कैथल ने अनुचित साधन प्रयोग का 1 मामला दर्ज किया गया। प्रदेश में शेष परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा सुचारू रूप से संचालित हुई। शनिवार को संचालित हुई सीनियर सेकेंडरी के की परीक्षा में 3347 परीक्षार्थी व डीएलएड की परीक्षा में 648 छात्र-अध्यापक शामिल हुए।