बिना सफेद पट्टी के जूई से बाढड़ा जाने वाला मार्ग।
जूई। जूई–बाढ़ड़ा मुख्य सड़क मार्ग पर करीब चार किलोमीटर तक बीच की सफेद पट्टी गायब होने से वाहन चालकों के लिए मार्ग बेहद जोखिम भरा बना हुआ है। सड़क पर सफेद पट्टी न होने और ठेकेदार द्वारा अब तक मार्किंग न करवाने के कारण धुंध के मौसम में दुर्घटनाओं की आशंका कई गुना बढ़ गई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि धुंध पड़ने पर सामने से आ रहे वाहन का आकलन करना मुश्किल हो जाता है, जिससे कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।
ग्रामीणों ने बताया कि इस सड़क पर रोजाना हजारों वाहन गुजरते हैं। स्कूल जाने वाले बच्चों, कामकाज पर निकलने वाले लोगों और आम राहगीरों को हर दिन जान जोखिम में डालकर सफर करना पड़ रहा है। कई स्थानों पर सड़क किनारे गड्ढे भी बने हुए हैं जो खासकर रात के समय हादसे की संभावना बढ़ा देते हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन और संबंधित विभाग से मांग की कि सड़क के मध्य सफेद पट्टी और किनारों पर सेफ्टी मार्किंग जल्द लगवाई जाए ताकि दुर्घटनाओं पर रोक लग सके और लोगों को सुरक्षित आवाजाही मिल सके। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं की गई तो वे प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे।