भिवानी। जिले में मंगलवार को डेंगू के चार नए मरीज सामने आए हैं। इसके बाद जिले में डेंगू पॉजिटिव केस का आंकड़ा 63 हो गया है। इनमें से छह मरीजों को अस्पताल में दाखिल करवाया गया है। एंटी लारवा अभियान के तहत स्वास्थ्य विभाग की 141 टीमें जिले में जांच कर रही हैं।
स्वास्थ्यकर्मी लोगों के घरों में जांच के दौरान कूलर, पानी की टंकी, पौधों के गमले, पुराने पड़े टायर व कबाड़ आदि की जांच कर रहे हैं। जांच के दौरान डेंगू मच्छर का लारवा मिलने पर नोटिस भी जारी कर रहे है। अभियान के तहत अब तक जिले में 3130 लोगों को नोटिस जारी किया जा चुका है।
जिले में मलेरिया की जांच के लिए मंगलवार को शहरी क्षेत्र में 75 और ग्रामीण क्षेत्र में 280 ब्लड स्लाइड बनाई गईं। इनमें सभी रिपोर्ट निगेटिव आई हैं। वहीं डेंगू की जांच के लिए मंगलवार को 43 सैंपल लैब में भेजे हैं, जिनकी रिपोर्ट बुधवार दोपहर तक आएगी। डेंगू की जांच के लिए अब कुल 782 सैंपल लिए हैं। एंटी लारवा अभियान के दौरान स्वास्थ्यकर्मी नागरिकों से सप्ताह में एक दिन ड्राई डे मनाने की भी अपील कर रहे हैं।
डेंगू से बचाव के लिए जिले में 141 टीमों का गठन किया हुआ है, जोकि शहरी व ग्रामीण क्षेत्र में एंटी लारवा अभियान चला रही हैं। नागरिकों से अपील है कि कोई भी बीमारी होने पर चिकित्सक से जांच जरूरी करवाएं। साथ ही डेंगू के लक्षण होने पर जांच के लिए सैंपल दें, ताकि समय पर उपचार शुरू हो सके।
- डॉ. रघुबीर शांडिल्य, सिविल सर्जन।