बहल। कस्बे के राजगढ़ रोड पर बुधवार को राधास्वामी सत्संग दिनोद की बहल शाखा के नए सत्संग भवन की नींव रखी गई। यह सत्संग भवन सुविधाओं से युक्त अत्याधुनिक होगा, जिसके लिए करीब पांच एकड़ भूमि को चिह्नित किया गया है।
बुधवार को राधास्वामी सत्संग से जुड़े श्रद्धालुओं ने विधिवत रूप से भवन निर्माण कार्य की शुरुआत करते हुए नींव रखी। इस अवसर पर शाखा प्रधान प्यारेलाल ने बताया कि अब तक सत्संगी लोगों को गुरु महाराज के प्रवचन का लाभ लेने के लिए भिवानी, राजगढ़ या अन्य स्थानों पर जाना पड़ता था लेकिन बहल में सत्संग भवन बनने से क्षेत्र के 50 से अधिक गांवों के सत्संगी लोगों को सीधे लाभ मिलेगा। उन्होंने बताया कि लंबे समय से बहल क्षेत्र में सत्संग भवन की आवश्यकता महसूस की जा रही थी जो अब पूरी होने जा रही है। भवन निर्माण कार्य शुरू होने के अवसर पर साध संगत द्वारा गुरु की महिमा का गुणगान किया गया तथा मंगलाचरण और शब्दवाणी का पाठ किया गया।