भिवानी में सीबीएलयू के पास शनिवार रात करीब आठ बजे ट्रक ने एक कार में टक्कर मार दी। हादसे में गांव जाटू लोहारी के पूर्व सरपंच नरेश की मौत हो गई। सूचना मिलने पर सदर थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लिया और रविवार को नागरिक अस्पताल में पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने मृतक के भाई संजय की शिकायत पर ट्रक चालक के खिलाफ संबंधित धाराओें के तहत केस दर्ज कर लिया है।
पुलिस को दी शिकायत में संजय ने बताया कि वह कार में बड़े भाई नरेश के साथ अपने गांव से भिवानी की तरफ आ रहा था। कार को नरेश चला रहा था। जब वे सीबीएलयू के पास पहुंचे तो एक ट्रक ने उनकी कार में टक्कर मार दी। जिसके कारण नरेश गंभीर रूप से घायल हो गया। राहगीरों की मदद से नरेश को नागरिक अस्पताल में पहुंचाया गया जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे रोहतक पीजीआई रेफर कर दिया। परिजन नरेश को हिसार अस्पताल में लेकर जा रहे थे, लेकिन नरेश ने रास्ता में ही दम तोड़ दिया। शव को नागरिक अस्पताल में लाया गया और इस बारे में सूचना सदर थाना पुलिस को दी गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लिया और रविवार सुबह शव का पोस्टमार्टम करवाया।
जांच अधिकारी हेड कांस्टेबल संजय ने बताया कि इस संबंध में मृतक के भाई के बयान पर ट्रक चालक के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।