पांच एकड़ कृषि भूमि बिक्री के नाम पर धोखाधड़ी मामले में सदर पुलिस ने गांव मुंढाल के पूर्व सरपंच के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज किया है। आरोपी पूर्व सरपंच ने किसान से 82 लाख रुपये में कृषि भूमि बिक्री का रजिस्टर्ड एग्रीमेंट किया था, लेकिन किसी दूसरे को भूमि बेच डाली। मामले की शिकायत एसपी को दी गई थी। जिस पर इकोनॉमिक सेल की प्रारंभिक जांच के बाद सदर पुलिस थाना में केस दर्ज हुआ है।
एसपी को दी शिकायत में गांव चांग निवासी अनंगपाल ने बताया कि वह किसान है और अपनी जमापूंजी से 2013-14 में 82 लाख रुपये से करीब पांच एकड़ भूमि खरीद के लिए मुंढाल कलां के पूर्व सरपंच सोरन के साथ सौदा किया था। उसने अलग-अलग जगह चार जगहों पर करीब पांच एकड़ भूमि की खरीद का रजिस्टर्ड एग्रीमेंट किया था। जिसकी एवज में उसने पहली बार नौ लाख, दूसरी बार दस लाख, तीसरी बार 28 लाख व चौथी बार 35 लाख रुपये मिलाकर 82 लाख रुपये का भुगतान भी पूर्व सरपंच को कर दिया था। अनंगपाल ने बताया कि जब रजिस्ट्री का तय समय आया तो उसे पता चला कि बैनामा की भूमि किसी अन्य को आरोपी पूर्व सरपंच ने बेच दी है। जिसके बाद उसने आरोपी से अपने पैसे वापस मांगे तो उसे अपनी सरपंच पुत्रवधू होने और अपनी ऊपर तक जानकारी की धौंस दिखाकर उसके पूरे परिवार को खत्म करा देने की धमकी दी।
तहसील कार्यालय में एक लेखाकार ने मिलवाया था
चांग निवासी अनंगपाल ने बताया कि उसकी भिवानी तहसील कार्यालय में ही एक लेखाकार के माध्यम से आरोपी पूर्व सरपंच के साथ मुलाकात हुई थी। रजिस्ट्री लेखाकार ने ही उसे बताया था कि आरोपी अपनी भूमि बिक्री करना चाहता है।
वर्जन-
मुंढाल चौकी इंचार्ज मनोज कुमार ने बताया कि शिकायत पर पूर्व सरपंच सोरन के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज कर लिया है। जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे उस आधार पर आगे कार्रवाई की जाएगी।