बहल। गर्मी के महीनों में बहल क्षेत्र के गांवों में पेयजल की समस्या को लेकर प्रदेश के पूर्व मंत्री जेपी दलाल ने अपनी ही पार्टी की सिंचाई मंत्री को एक्स पर पोस्ट किया है। उन्होंने संभावित गर्मी के मौसम को देखते हुए बहल क्षेत्र की नहरों में पानी उपलब्ध करवाने की मांग की है। सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर पोस्ट कर पूर्व मंत्री जेपी दलाल ने बहल क्षेत्र के करीब आधा दर्जन गांवों में बन रहे पेयजल संकट को लेकर इस क्षेत्र की नहरों में पानी देने की अपील की है।
पूर्व कृषि मंत्री की यह पोस्ट सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रही है। लोगों के इस पर खूब कमेंट भी आ रहे हैं। कृषि मंत्री की यह पोस्ट शनिवार को आई है। करीब छह घंटे में इसे 1200 से ज्यादा लोग देख चुके हैं। इसमें उन्होंने सीएमओ को भी टैग किया है।
पोस्ट में पूर्व मंत्री ने सिंचाई मंत्री से नहरों में पानी की पर्याप्त पूर्ति की मांग करते हुए लिखा है कि लोहारू हलके के गांव बैराण, नूनसर, बिधनोई, गोकुलपुरा, कासनी, सिरसी, चैहड़ कलां, सुरपुरा कलां व बहल के जलघरों में पानी नहीं है।