ढिगावा मंडी। रबी सीजन में गेहूं की बुआई शुरू हो गई है। अच्छी पैदावार के लिए किसानों को समय पर बुआई करने के साथ उन्नत किस्मों का चयन, प्रमाणित बीजों का इस्तेमाल और बीज उपचार पर विशेष ध्यान देना चाहिए।
कृषि विभाग के एडीओ विजय कुमार ने बताया कि अगेती गेहूं की बुआई के लिए 1 से 25 नवंबर और पछेती बुआई के लिए 26 नवंबर से 15 दिसंबर तक का समय उपयुक्त है। गेहूं के अच्छे अंकुरण के लिए करीब 22 डिग्री तापमान अनुकूल माना जाता है।
उन्होंने बताया कि अगेती बुआई के लिए डीबीडब्ल्यू 327, 1270, 303, 371 और 372 किस्में बेहतर विकल्प हैं। वहीं, पछेती बुआई के लिए राज 3765, कनक 2985, डीबीडब्ल्यू 173, 1124 और 1021 किस्मों को प्राथमिकता दी जा सकती है।
एडीओ के अनुसार अगेती बुआई में प्रति एकड़ 45 किलोग्राम और पछेती बुआई में 50 किलोग्राम बीज की जरूरत होती है। बुआई से पहले बीज उपचार और खेत में पर्याप्त नमी सुनिश्चित करना जरूरी है। उन्होंने किसानों से कृषि विभाग की सलाह के अनुसार प्रमाणित बीजों का ही इस्तेमाल करने की अपील की।