खेत में खड़ी गेहूं की फसल। संवाद
- फोटो : Bhiwani
भिवानी। चार दिन बाद जिले में धूप खिली तो लोगों को राहत मिली। वहीं सुबह ओस की बूंदे फसलों पर देखी गई। जिससे किसानों के चेहरे भी खिले है और अच्छी फसल होने की आस है। रविवार को अधिकतम तापमान 14.7 डिग्री और न्यूनतम तापमान 8.6 डिग्री दर्ज किया गया।
पिछले दिनों हुई बारिश के बाद से ही मौसम बिगड़ा हुआ था। पिछले चार दिन से खुलकर धूप नहीं खिली थी। रविवार को मौसम बदला नजर आया और दोपहर में तेज धूप खिली। जिससे लोगों को सर्दी से राहत मिली। बच्चे पार्क व मैदानों में खेलते नजर आए तो बुजुर्ग, महिलाएं भी धूप का आनंद लेती दिखी। फसलों पर ओस की बूंदें दिखी तो किसान भी खुश है। पहले बारिश और अब ओस फसलों के लिए फायदेमंद है। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, 11 से 13 जनवरी तक शीतलहर चलेंगी।
धूप लाई राहत
कैरू। चार दिन बाद रविवार को धूप खिली तो लोगों को ठंड से राहत मिली। हालांकि ठंडी हवा चलने से मौसम में ठिठुरन भी रही। रविवार को छुट्टी का दिन होने की वजह से अधिकतर लोग धूप रहने तक घरों की छतों पर रहे। कृषि मौसम विज्ञान विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. एमएल खीचड़ का कहना है कि दिन के तापमान में बढ़ोतरी रहेगी और रात के मौसम में गिरावट होगी। बारिश की कोई संभावना नहीं है। फसलों के लिए किसानों ने नमी संचित की हुई है। स्प्रे करने के लिए मौसम साफ रहेगा।