भिवानी। कोरोना वायरस का संक्रमण अब जिले में खत्म होने को है। रविवार को कोरोना का कोई भी नया केस सामने नहीं आया है। ऐसा इस सप्ताह में दूसरी बार हुआ है जब कोई भी पॉजिटिव केस नहीं आया है। इससे पहले सात जनवरी को कोरोना का कोई केस नहीं था। उससे पहले आठ जून को ही ऐसा मौका जब कोई कोरोना पॉजिटिव केस जिले में नहीं आया था। रविवार को एक कोरोना पॉजिटिव ठीक भी हुआ। अब जिले में 30 एक्टिव केस है। जिले में अब तक 6288 कोरोना के मामले सामने आए, जिनमें से 6116 ठीक हो चुके है। रविवार को भी 227 सैंपल जांच के लिए लैब भेजे गए। अब तक 518 सैंपल की रिपोर्ट आना बाकी है। सिविल सर्जन डॉ. सपना गहलावत ने कहा कि यह अच्छी खबर है कि रविवार को कोई पॉजिटिव केस नहीं आया। लोगों को अभी भी सावधानी रखनी चाहिए और कोविड-19 सुरक्षा नियमों का पालन करना चाहिए।