भिवानी। जिले में रविवार को कोरोना संक्रमण से पांच की मौत हो गई, जिसके बाद कोरोना संक्रमण से मौत का आंकड़ा 597 पहुंच गया है। वहीं महज 14 संक्रमित सामने आए हैं और 41 मरीज ठीक होकर घर लौटे हैं। जिले में फिलहाल 378 सक्रिय केस हैं, इनमें से 92 शहरी और 286 ग्रामीण क्षेत्र से हैं। स्वास्थ्य विभाग की सैंपलिंग टीम ने रविवार को 580 सैंपल जांच के लिए लैब में भेजे हैं, जिनकी रिपोर्ट सोमवार दोपहर तक आएगी। वहीं 175 सैंपल की रिपोर्ट लंबित है।
बता दें कि पिछले दस दिनों में कोरोना संक्रमण और कोरोना से मौत के मामलों में गिरावट आई है। जोकि जिला वासियों के लिए शुभ संकेत हैं। हालांकि विशेषज्ञों का कहना है कि अभी और अधिक सतर्क रहना होगा। यदि हालत बिगड़ गए तो संभलना मुश्किल हो जाएगा। इसलिए कोविड-19 सुरक्षा नियमों का पालन करना आवश्यक है।
इनकी हुई कोरोना संक्रमण से मौत
जिले में रविवार को गांव नागल से 64 वर्षीय बुजुर्ग महिला, झुल्ली से 63 वर्षीय बुजुर्ग महिला, बड़वा से 38 वर्षीय व्यक्ति, बिधनोई से 59 वर्षीय व्यक्ति और ढाणी ब्राह्मण से 75 वर्षीय बुजुर्ग महिला की मौत हो गई। स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी कोविड-19 सुरक्षा नियमों के तहत अंतिम संस्कार करवाया गया।
सीएचसी अनुसार कोरोना संक्रमण की स्थिति
सीएचसी मरीज
धनाना 38
कैरू 26
लोहारू 50
मानेहरू 50
मीरान 41
तोशाम 38
जमालपुर 43
कुल योग 286
25 से 30 फीसदी मरीज को रहे अस्पताल में दाखिल
कोरोना संक्रमण की पहली लहर में ज्यादातर मरीज स्वास्थ्य विभाग के केंद्रों में आइसोलेट हो रहे थे। मगर अब दूसरी लहर से कोरोना संक्रमित अस्पताल जाने की बजाए घर पर ही आइसोलेट हो रहे हैं। विशेषज्ञों के अनुसार अगर कोरोना संक्रमित मरीज को ज्यादा दिक्कत नहीं है तो उसे घर पर ही आइसोलेट होकर गाइडलाइन के अनुसार उपचार लेना चाहिए। जिले में कोरोना संक्रमण के कुल 378 सक्रिय केस हैं। जिनमें से 277 होम आइसोलेट है और वहीं 99 मरीज अस्पतालों में उपचाराधीन हैं। जिला सामान्य अस्पताल में 30, दिल्ली में छह, हिसार में 28, पीजीआईएमएस रोहतक में 10, झज्जर में तीन, राजगढ़ में दो, गुरुग्राम में चार, मेवात में एक, जांगड़ा अस्पताल में एक, लाइफ लाइन अस्पताल में चार, तोशाम में दो, स्पेश अस्पताल में एक, चुघ अस्पताल में दो, लोहारू में दो, अन्य अस्पताल में तीन और दो मरीजों के दाखिल होने की सूचना लंबित हैं।
वर्जन::
जिले में कोरोना संक्रमण के मामलों में लगातार गिरावट आ रही है। जिस रफ्तार से कोरोना संक्रमण के मामले बढ़ रहे थे, उससे अधिक रफ्तार से केस ठीक हो रहे हैं। ऐसे में कोरोना संक्रमण के प्रति अधिक सावधानी रखनी बेहद जरूरी है। इस समय बच्चों और बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखें। उन्हें घरों से बाहर न निकलने दें। अपनी इम्यूनिटी को बनाए रखने के लिए प्रोटीन, विटामिन वाले फल व सब्जियों का सेवन करें। कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए मास्क व सामुदायिक दूरी का प्रयोग करें।
- डॉ. सपना गहलावत, सिविल सर्जन।