फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Bhiwani News: गोगामेड़ी दर्शन की आस बीच रास्ते टूटी, पांच श्रद्धालुओं की मौत, 27 घायल

विज्ञापन
हांसी में टक्कर के बाद क्षतिग्रस्त गाड़ी। 
विज्ञापन
भिवानी/हांसी। गोगामेड़ी जा रहे श्रद्धालुओं से भरे वाहन रविवार सुबह अलग-अलग जगह हादसाग्रस्त होने से पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि 27 से अधिक लोग घायल हैं। मुंढाल रेलवे ओवरब्रिज पर बसई घीयाराम, धौलपुर (राजस्थान) से गोगामेड़ी जा रहे श्रद्धालुओं से भरे वाहन को सुबह करीब पांच बजे पीछे से आ रही निजी बस ने टक्कर मार दी। इससे आगरा और बसई घीयाराम निवासी 4 लोगों की मौत हो गई, जबकि 17 से अधिक घायल हैं। वहीं, सोरखी और मुंढाल के बीच श्रद्धालुओं से भरी पिकअप टायर फटने से पलट गई। इससे यूपी के संभल जिला निवासी एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि 10 लोग घायल हैं।
विज्ञापन

मंढाल पुलिस के मुताबिक बसई-घीयाराम निवासी घायल नीरज ने बताया कि वे शनिवार सुबह करीब 11 बजे अपने गांव से पिकअप में सवार होकर हनुमानगढ़ जिले में स्थित गोगामेड़ी के लिए रवाना हुए थे। रविवार सुबह मुंढाल रेलवे ओवरब्रिज पर पीछे से तेज गति से आ रही एक निजी बस ने उनकी गाड़ी को टक्कर मार दी। गाड़ी के पलटने से उसमें सभी श्रद्धालु बुरी तरह घायल हो गए। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने 4 एंबुलेंस के माध्यम से घायलों को हांसी, हिसार, भिवानी और महम के सरकारी अस्पतालों में पहुंचाया।
गांव रघुनाथपुरा, आगरा (उत्तर प्रदेश) निवासी गुड्डी (50) को भिवानी के सरकारी अस्पताल में मृत घोषित कर दिया गया, वहीं बसई घीयाराम निवासी काजल (16) को हांसी के सरकारी अस्पताल में मृत घोषित कर शव मोर्चरी में रखवा दिया। बसई घियाराम निवासी भाइयों राम सिंह (28) व राजेंद्र (38) को हिसार में मृत घोषित कर दिया। घायलों में नीरज, रामबाबू, रामसेवक, पिंकी, लाखन, कुशमा देवी, पप्पू उर्फ सुनील, पूनम, राजेश, ललिता, सपना, पप्पू, मनोज, शीला देवी, ज्योति, भारती व प्रवेश सहित अन्य का अलग-अलग अस्पतालों में उपचार चल रहा है। मुंढाल चौकी पुलिस ने अज्ञात बस चालक के खिलाफ केस दर्ज कर क्षतिग्रस्त बस को कब्जे में ले लिया है।
विज्ञापन



गुड्डी के शव का भिवानी के अस्पताल में पोस्टमार्टम
सड़क हादसे में मृतक गुड्डी का भिवानी के जिला नागरिक अस्पताल में पोस्टमार्टम हुआ। गुड्डी के पति अशोक गांव में ही रेहड़ी लगाते हैं। उसके पांच बच्चे हैं। सदर पुलिस थाना भिवानी की जांच अधिकारी हेड कांस्टेबल भतेरी ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया गया है।





गोगामेड़ी जा रहे श्रद्धालुओं से भरा वाहन टायर फटने से पलटा, एक की मौत

हांसी (हिसार)। दिल्ली रोड पर स्थित गांव सोरखी और मुंढाल के बीच रविवार सुबह टायर फटने से गोगामेड़ी जा रही श्रद्धालुओं से भरी पिकअप पलट गई। हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई व 10 लोग घायल हैं। घायलों को नागरिक अस्पताल में दाखिल करवाया गया। मृतक व घायल यूपी के संभल जिले की तहसील चंदौसी के गांव असालतपुर जारई के रहने वाले हैं।
पुलिस के मुताबिक पिकअप में सवार लोग अपने गांव से शनिवार रात 10 बजे गोगामेड़ी के लिए रवाना हुए थे। सुबह करीब दस बजे जब पिकअप मुंढाल-सोरखी के बीच पहुंची तो टायर फट गया। गाड़ी के तेज गति में होने के कारण चालक काबू नहीं कर सका और वह सड़क के बीचोबीच पलट गई। इससे 11 श्रद्धालु घायल हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने सभी को हांसी के नागरिक अस्पताल में भर्ती करवाया।
उपचार के दौरान राकेश (35) को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। घायलों में बीरपाल, अमन (9), अखिलेश (8), रानी(28), सतेंद्रपाल(25), महाबीर (30), अमित (18), अक्षय (10) व हरीचरण (10) व अन्य शामिल हैं। मृतक राकेश फर्नीचर का काम करता था व उसके दो बच्चे हैं। जब घायलों को नागरिक अस्पताल लाया गया, तब हंगामा भी हुआ। दरअसल घायल यह मानने को तैयार नहीं थे कि उनके साथी राकेश की मौत हो गई है। इस पर बास पुलिस के साथ ही स्थानीय पुलिस को बुलाया गया। पुलिसकर्मियों ने परिजनों को समझाया। उनके मानने के बाद बयान दर्ज कर शव का पोस्टमार्टम किया गया।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें