पांच दिवसीय धार्मिक यात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना करते विधायक घनश्याम सर्राफ
भिवानी। धर्म के प्रचार के साथ जल एवं पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता एवं नशे के प्रति लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से युवा जागृति एवं जनकल्याण मिशन ट्रस्ट की ओर से रविवार को हनुमान ढाणी स्थित हनुमान जोहड़ी मंदिर से पांच दिवसीय बस यात्रा रवाना हुई। महंत बालयोगी चरणदास महाराज के नेतृत्व में निकाली जा रही यात्रा को विधायक घनश्याम सर्राफ ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
समाजसेवी रमेश सैनी एवं पर्यावरण प्रहरी विजय सिंहमार ने बताया कि सामाजिक संदेश के साथ तीन बसें रवाना हुई, जिसमें करीबन 143 श्रद्धालु रहे। पांच दिवसीय धार्मिक यात्रा काशी, अयोध्या, प्रयागराज व चित्रकूट में पहुंचेंगी और लगातार पांच दिनों तक जगह-जगह धर्म का प्रचार करने के साथ लोगों को जल एवं पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता का महत्व बताने के साथ-साथ नशे के दुष्प्रभाव से भी लोगों को अवगत करवाएगी। उनका उद्देश्य है कि एक सभ्य समाज की संरचना की जा सके।
उन्होंने बताया कि पांच दिवसीय यात्रा 13 फरवरी को हनुमान जोहड़ी मंदिर में ही संपन्न होगी। यात्रा को रवाना करते हुए विधायक घनश्याम सर्राफ ने कहा कि धर्म के प्रचार एवं सामाजिक संदेश के साथ निकाली गई यह यात्रा आध्यात्मिक चेतना को जागृत करने के साथ समाज में नैतिक मूल्यों और सद्भाव का संचार करने में भी अहम भूमिका निभाएगी। इस प्रकार की यात्रा विभिन्न समुदायों और संस्कृतियों के लोगों को जोड़ने का कार्य करती है। महंत बालयोगी चरणदास महाराज ने कहा कि यात्रा का यह स्वरूप प्राचीन काल से ही विभिन्न संतों, गुरुओं और धर्म प्रचारकों की ओर से अपनाया जाता रहा है। इस अवसर पर नरेश, राजेंद्र, धर्मवीर दहिया, लोकेश नौरंगाबाद, प्रताप सैनी, नरेश सैनी प्रधान, बबलू, रामू जेवड़ीवाला मौजूद रहे।