भिवानी। कोरोना का संक्रमण लगातार खतरनाक होता जा रहा है। शनिवार को पांच कोरोना संक्रमितों की मौत हो गई, जबकि 168 नए कोरोना संक्रमित सामने आए। इसी के साथ कोरोना संक्रमित एक्टिव केस 1368 हो गए हैं। कोरोना की वजह से शनिवार को मरने वालों में दो महिलाएं शामिल हैं। कोरोना का संक्रमण लगातार जानलेवा साबित हो रहा है।
अब तक जिले में 8530 कोरोना केस सामने आ चुके हैं, जिनमें 6992 लोग ठीक हुए हैं। अब तक कोरोना की वजह से जिले में 179 लोग अपनी जान गंवा चुके हैं। लगातार बढ़ रहे कोरोना संक्रमण से स्वास्थ्य विभाग में भी हड़कंप मचा है। जिला सामान्य अस्पताल में भी कोविड-19 संक्रमण की वजह से टेस्टिंग कराने के लिए लोगों की लगातार भीड़ जुट रही हैं, हालांकि उन्हें सामुदायिक दूरी रखते हुए लाइनों में खड़ा करना भी बड़ी चुनौती है। क्योंकि टेस्ट के लिए लोगों को काफी देर तक गर्मी में लाइन में खड़ा होना पड़ता है। इसी के साथ महिलाएं व छोटे बच्चे भी कोरोना टेस्ट कराने जिला सामान्य अस्पताल पहुंच रहे हैं। हालांकि कोरोना टेस्ट के लिए अलग से फ्लू कॉर्नर बनाया हुआ है।
इन्होंने गंवाईं जान
अचानक तबियत बिगड़ने पर कराया था दाखिल
भिवानी निवासी 50 वर्षीय व्यक्ति को अचानक तबियत खराब होने पर जिला सामान्य अस्पताल में दाखिल कराया था। परिजन उसे 12 अप्रैल को अस्पताल लेकर आए थे। उसकी हालत खराब होने पर चिकित्सकों ने उसे रोहतक पीजीआई रेफर कर दिया था। मृतक के लीवर में दिक्कत बताई जा रही थी। मौत से दो दिन पहले ही उसकी कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। लगातार हालत बिगड़ती गई और इसी वजह से उसकी रोहतक पीजीआई में ही मौत हो गई। कोविड गाइडलाइन के हिसाब से उनका पीजीआई में ही अंतिम संस्कार कराया गया।
पहले सुधार हुआ, फिर अचानक हालत बिगड़ी
गांव निमड़ीवाली के 43 वर्षीय एक व्यक्ति को दिमागी बीमारी के चलते परिजनों ने 26 मार्च को रोहतक पीजीआई में दाखिल कराया था। उस समय उसे पांच दिन की दवा देकर घर भेज दिया था। इसे बाद उसकी 31 मार्च को ओपीडी थी। वहां पहुंचा तो उसे फिर दाखिल कर लिया। चार अप्रैल को उसकी तबियत बिगड़ गई। इसके बाद उसकी हालत में फिर सुधार आया। 17 अप्रैल को उसकी कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। 19 अप्रैल को फिर उसकी तबियत बिगड़ गई। जिसके बाद उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
19 को हुई थी दाखिल, 24 को हुई मौत
शहर के आदर्श नगर निवासी 76 वर्षीय एक बुजुर्ग महिला को परिजनों ने 19 अप्रैल को भिवानी जिला सामान्य अस्पताल में दाखिल कराया था। जहां 21 अप्रैल को उसकी कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। महिला को सांस लेने में दिक्कत आ रही थी। 24 अप्रैल की सुबह चार बजे उसकी मौत हो गई।
बुखार आने पर हुई थी दाखिल, हुई मौत
शहर के रोहतक रोड स्थित डिफेंस कॉलोनी की गली नंबर छह निवासी 48 वर्षीय एक महिला को 18 अप्रैल की सुबह अचानक बुखार होने पर रोहतक पीजीआई में दाखिल कराया गया था। जिसकी वहां कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। शुक्रवार रात करीब डेढ़ बजे उसकी अचानक तबियत बिगड़ी और उसकी मौत हो गई।
गांव बडेसरा निवासी की भी हुई मौत
गांव बडेसरा निवासी 75 वर्षीय एक बुजुर्ग भी कोरोना से जंग हार गया। उसकी 22 अप्रैल को मौत हो गई। उसे पिछले कई सालों से श्वास रोग था। उसकी अचानक तबियत बिगड़ने पर रोहतक पीजीआई ले जाया गया था। जिसकी उपचार के दौरान ही मौत हो गई। उसकी रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई हुई थी।
वर्जन:::
लगातार बढ़ रहे कोरोना संक्रमण की वजह से लोगों को स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी की गई हिदायतों की पालना करने का अनुरोध किया जा रहा है। संक्रमण लगातार जानलेवा साबित हो रहा है। ऐसे में हम सब की जागरूकता और हिदायतों की पालना से ही इस संक्रमण को बढ़ने से रोका जा सकता है। इसलिए जरूरत नहीं होने पर बेवजह घर से न निकलें और मुंह पर मास्क एवं सामुदायिक दूरी के साथ-साथ सैनिटाइज का भी ध्यान रखें।
- डॉ. कृष्ण कुमार, कार्यवाहक सिविल सर्जन, भिवानी।