कृष्णा कॉलोनी घर में लगी आग से जला सामान।
भिवानी। कृष्णा कॉलोनी के एक मकान के प्रथम तल पर सोमवार को अचानक आग लग गई। मकान से उठते धुएं को देखकर आसपास के लोगों ने तुरंत दमकल विभाग को सूचना दी। मौके पर दमकल की दो गाड़ियां पहुंचीं और आग पर काबू पाने का प्रयास किया। हादसे के दौरान मकान के अंदर एक छोटी बच्ची फंस गई थी, जिसे दमकल कर्मचारियों ने स्थानीय लोगों की मदद से सुरक्षित बाहर निकाला।
आग लगने के समय मकान का मालिक मंदिर में पूजा के लिए गया था। घर के अंदर पंखा चलाकर माता की ज्योत प्रज्वलित की गई थी जिससे आग लगने का अंदेशा जताया जा रहा है। फिलहाल आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं है। कृष्णा कॉलोनी निवासी योगेश ने बताया कि मकान में वे दो भाई रहते हैं। वह मकान के निचले हिस्से में रहते हैं जबकि उनका भाई प्रथम तल पर रहता है और रोहतक एसबीआई में नौकरी करता है। हादसे के समय उनका भाई बैंक गया हुआ था। मंदिर में पूजा करने के दौरान ज्योत से आग लगने की आशंका जताई जा रही है।
मौके पर दमकल कर्मियों ने करीब डेढ़ घंटे में आग पर काबू पाया। प्रथम तल पर रखे घरेलू सामान के अलावा मकान के अन्य हिस्सों को आग से बचाया गया।