शहर के बीटीएम चौक पर लगे ट्रांसफार्मर में लगी आग को बूझाते दमकल विभाग के कर्मचारी।
भिवानी। नौतपा में तापमान लगातार 45 डिग्री से अधिक चल रहा है। ऐसे में बिजली उपकरण भी अब जवाब देने लगे हैं। मंगलवार दोपहर बाद शहर के बीटीएम चौक बैप्टिस्ट कब्रिस्तान के पास लगे बिजली ट्रांसफार्मर में अचानक आग लग गई।
आग ओवरलोड की वजह से लगी। जिसकी सूचना दमकल विभाग को दी गई। दमकल कर्मचारियों ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया। वहीं इसकी सूचना निगम अधिकारियों को भी दी गई। आग लगने के साथ ही आसपास के इलाके की बिजली आपूर्ति भी ठप हो गई। पूर्व पार्षद बलवान सिंह ने बताया कि पिछले काफी दिनों से इलाके में बिजली के लंबे कट लग रहे हैं। मंगलवार दोपहर बाद अचानक ही 100 केवी के बिजली ट्रांसफार्मर में अचानक ही चिंगारी उठने लगी और फिर तेज आग लग गई। इसकी सूचना दमकल विभाग को दी गई। दमकल कर्मचारियों ने ट्रांसफार्मर पर पानी की बौछारे डालकर एक बार आग को शांत किया, लेकिन इसके अंदर धुआं उठता रहा।
इसके बाद इलाके की बिजली आपूर्ति भी काट दी गई। पूर्व पार्षद ने जले हुए बिजली ट्रांसफार्मर की जगह दोगुनी क्षमता का बड़ा ट्रांसफार्मर लगाए जाने की मांग की है, ताकि बार बार इस तरह की परेशानी न झेलनी पड़े।