भिवानी। तपिश भरे मौसम में आग की रोजाना ही चार से पांच घटनाएं सामने आ रही हैं। रविवार को भी गांव हरिपुर पालुवास की एक प्लास्टिक दाना फैक्टरी सहित तीन जगहों पर आग लगने की सूचना पर दमकल की गाड़ी खूब दौड़ी। गांव कैरू की बणी और सिटी स्टेशन लाइनपार स्थित खेतों में फानों की आग पर भी दमकल की गाड़ी पहुंची। दरअसल अत्यधिक गर्मी के दौरान दमकल विभाग को भी अलर्ट पर रखा गया है। शनिवार को भी तीन से चार जगहों पर आग की सूचनाएं दमकल विभाग को मिली थी। आग लगने से एक तरफ जहां लाखों का नुकसान हो रहा है वहीं पर्यावरण में भी भारी प्रदूषण बढ़ रहा है।
गांव हरिपुर पालुवास स्थित गुप्ता उद्योग में आग की सूचना पर रविवार को दमकल की एक गाड़ी मौके पर पहुंची। फैक्टरी के अंदर प्लास्टिक के सामान में आग लगी थी। करीब डेढ़ से दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। वहीं रविवार दोपहर बाद गांव कैरू की बणी में आग की सूचना पर दमकल की गाड़ी भिवानी से पहुंची। जहां बणी के कुछ हिस्से में सूखी झाड़ियों के अंदर आग लगी थी। आग ज्यादा न फैले इसके लिए दमकल विभाग के कर्मचारियों को भी काफी मशक्कत करनी पड़ी। वीरान इलाके में कई वजहों से आग लगने की आशंका जताई गई। बीड़ी से भी घने झाड़ियों भरे इस इलाके में आग पकड़ जाती है। वहीं सिटी स्टेशन लाइनपार क्षेत्र में गेहूं के फानों में आग की सूचना पर एक दमकल गाड़ी पहुंची। दमकल ने करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग बुझाई।