हांसी गेट चौक पर कैफे में लगी आग से निकलता धुंआ। संवाद
भिवानी। हांसी गेट चौक के नजदीक बीकानेर मिष्ठान भंडार के पीछे स्थित एक कैफे में शुक्रवार सुबह आग लग गई। एसी में शॉर्ट-सर्किट के कारण आग लगने की आशंका जताई जा रही है। फायर ब्रिगेड ने करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया।
आग से कैफे में रखा कुछ सामान जलकर राख हो गया जबकि अंदर मौजूद दो से तीन बुजुर्गों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। जानकारी के अनुसार शुक्रवार सुबह करीब 9:30 बजे हांसी गेट स्थित कैफे में आग लग गई। सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। फायर ब्रिगेड की तीन से चार गाड़ियों की मदद से आग बुझाने का अभियान चलाया गया और करीब आधे घंटे में आग पर काबू पा लिया गया।
आग लगने के समय कैफे में दो से तीन बुजुर्ग मौजूद थे जिन्हें सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। सिविल लाइन थाना प्रभारी सुमित कुमार ने बताया कि डायल-112 पर आग लगने की सूचना मिली थी। सूचना के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची। उन्होंने बताया कि आग से कैफे में अधिक नुकसान नहीं हुआ है।
फायर ब्रिगेड अधिकारी राजेश ने बताया कि कैफे में लगी आग पर काबू पा लिया गया है। उन्होंने आमजन से अपील की कि अत्यधिक गर्मी के दौरान एसी का लगातार उपयोग करने से बचें और विद्युत उपकरणों की नियमित जांच कराते रहें।