नागरिक अस्पताल स्थित पुलिस चौकी में मृतक के परिजनों के बयान दर्ज करती पुलिस।
बवानीखेड़ा। आदर्श महाग्राम बलियाली में मौसी के बेटे रोहित की शादी में आए उत्तराखंड के हरिद्वार जिले के रुड़की निवासी व्यक्ति राकेश (45) की हत्या के मामले में पुलिस ने छह नामजद आरोपियों सहित दो अन्य के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।
पुलिस की जांच में सामने आया है कि मंगलवार को रोहित की बरात राजस्थान के सिंघाना में गई हुई थी। बरात में लड़कियों और महिलाओं से अभद्रता के दौरान हुए विवाद के कारण वारदात को अंजाम दिया गया था।
मृतक राकेश के बेटे ऋतिक की शिकायत के आधार पर दर्ज कराई गई प्राथमिकी में बताया गया है कि परिवार 17 अप्रैल को उत्तराखंड के रुड़की से शादी में शामिल होने के लिए गांव बलियाली आया था। 21 अप्रैल को राजस्थान के सिंघाना में रोहित की शादी संपन्न हुई थी। शादी से लौटने के बाद 22 अप्रैल को राकेश व अन्य परिजन गांव में एक कमरे में बैठे थे।
ऋतिक का आरोप है कि इसी दौरान आरोपी वहां पहुंचे और पिता राकेश की लाठी डंडों से पिटाई कर दी। हमले में पिता को गंभीर चोटें आईं, जबकि बीच-बचाव में आए दिनेश उर्फ लाला भी घायल हो गए। घायलों को सामान्य अस्पताल भिवानी ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान राकेश की मौत हो गई, जबकि दूसरे घायल का इलाज जारी है।
जांच अधिकारी एवं थाना प्रभारी सुरेश कुमार ने बताया कि मृतक के पुत्र ऋतिक के बयान पर अजय उर्फ विक्की, अमित, गौतम, सूरज, साहिल, सुरेंद्र सहित अन्य युवकों के खिलाफ हत्या की धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर मामले की गंभीरता से जांच शुरू कर दी है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस अधीक्षक के आदेश पर तीन टीमों का गठन किया गया है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।