चांग। गांव बामला स्थित पंजाब नेशनल बैंक की शाखा में चोरी के प्रयास के मामले में सदर पुलिस थाना में अज्ञात चोरों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। खरक पुलिस चौकी की टीम मामले की जांच में जुटी है और आरोपियों की तलाश कर रही है।
जानकारी के अनुसार बुधवार देर रात अज्ञात चोरों ने बैंक में घुसने का प्रयास करते हुए खिड़की के करीब नौ सरिये काट दिए। बैंक के भीतर स्ट्रांग रूम की सुरक्षा मजबूत होने के कारण चोर मुख्य कक्ष तक नहीं पहुंच सके। पकड़े जाने से बचने के लिए चोर बैंक में लगे सीसीटीवी कैमरों की डीवीआर उखाड़कर अपने साथ ले गए। हालांकि वे किसी प्रकार की चोरी करने में सफल नहीं हो सके।
खरक पुलिस चौकी इंचार्ज धर्म सिंह ने बताया कि गांव बामला स्थित बैंक शाखा में चोरी के प्रयास के संबंध में प्राथमिकी दर्ज कर जांच तेज कर दी गई है। बैंक के साथ लगते खाली प्लॉट को भी बंद करवाया जाएगा ताकि भविष्य में इस तरह की वारदात न हो सके।
चोरों ने खाली प्लॉट का उठाया फायदा
बामला स्थित पंजाब नेशनल बैंक शाखा के साथ लगते खाली प्लॉट का फायदा उठाकर चोरों ने आराम से खिड़की के करीब नौ सरिये काट दिए और किसी को इसकी आवाज तक सुनाई नहीं दी। बैंक मैनेजर रेखा ने बताया कि घटना के बाद खिड़की को पूरी तरह बंद करवा दिया गया है, ताकि आगे ऐसी कोई वारदात न हो सके।