रेलवे स्टेशन पर ट्रेन का इंतजार करते यात्री।
भिवानी। भिवानी-रोहतक रेलवे ट्रैक पर डोभभाली, लाहली और कलानौल कलां स्टेशनों के बीच दोहरीकरण कार्य के अंतर्गत ऑटोमेटिक ब्लॉक सिग्नलिंग का काम जारी है। इस कारण 25 फरवरी तक कई ट्रेनों का संचालन प्रभावित रहेगा। रेलवे ने पहले यह कार्य 16 फरवरी तक पूरा करने का अनुमान लगाया था, लेकिन तकनीकी खामियों के चलते अब पूरा करने की तिथि 25 फरवरी तक बढ़ा दी गई है।
उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन के अनुसार भिवानी-रोहतक, रोहतक-भिवानी, रोहतक-हांसी, हांसी-रोहतक, हिसार-नई दिल्ली और नई दिल्ली-हिसार मार्ग की गाड़ियों का संचालन 25 फरवरी तक रद्द रहेगा। वहीं दिल्ली-भिवानी ट्रेन संख्या 54005 दिल्ली से प्रस्थान कर रोहतक तक ही चलेगी और रोहतक-भिवानी के मध्य आंशिक रूप से रद्द रहेगी।
इसके अलावा दिल्ली-बठिंडा ट्रेन संख्या 14731 22 से 26 फरवरी तक परिवर्तित मार्ग रोहतक-जाखल-बठिंडा होकर संचालित होगी और इस दौरान जींद तथा जाखल स्टेशनों पर ठहराव करेगी। इसी प्रकार बठिंडा-दिल्ली ट्रेन संख्या 14732 22 से 25 फरवरी तक बठिंडा से प्रस्थान कर परिवर्तित मार्ग बठिंडा-जाखल-रोहतक से गुजरेगी और जाखल व जींद स्टेशनों पर ठहराव करेगी। रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा योजना बनाने से पहले ट्रेन की स्थिति की जांच अवश्य करें और मार्ग परिवर्तन के अनुसार अपनी यात्रा की तैयारी रखें।