भिवानी। गांव नौरंगाबाद में शुक्रवार दोपहर दो पक्षों में फायरिंग मामले में शनिवार को सदर थाना पुलिस ने पूर्व सरपंच नसीब सहित 12 लोगों के खिलाफ हत्या के प्रयास समेत संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली। आरोपियों की धरपकड़ के लिए सीआईए प्रथम, सीआईए द्वितीय, सदर पुलिस थाना और खरक पुलिस चौकी की टीमें गठित की गई हैं। गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए देर रात तक पुलिस बल तैनात रहा। वहीं, गोली लगने से घायल तीनों लोग उपचाराधीन हैं।
नौरंगाबाद में वीरवार देर शाम महिला सरपंच की गली में तेज रफ्तार गाड़ी दौड़ाने पर विवाद हो गया था। सरपंच और पूर्व सरपंच पक्ष के बीच देर रात आपसी सहमति से मामला सुलझा लिया गया, लेकिन शुक्रवार दोपहर पूर्व सरपंच पक्ष की ओर से 10-12 लोगों ने सरपंच के भतीजे अजय पुत्र सतबीर पर हमला किया और गोली चलाई। इसी दौरान बीच-बचाव में आए उसके चचेरे भाई अजय उर्फ मोनू पर भी गोली चलाई। दोनों पक्षों की ओर से इस मामले में तीन लोग घायल हो गए थे। इनमें पूर्व सरपंच नसीब का रिश्तेदार बवानीखेड़ा निवासी उपेंद्र भी शामिल है। उपेंद्र रक्षा मंत्रालय में कार्यरत है। सदर थाना प्रभारी उग्रसैन ने बताया कि अजय के बयान पर पूर्व सरपंच नसीब सहित 12 लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। आरोपियों की तलाश की जा रही है।