भिवानी। सरकार के निर्देशानुसार किसी भी प्रकार की आपातकालीन स्थिति में आमजन की मदद करने के लिए जिला में नागरिक सुरक्षा स्वयंसेवक तैयार किए जाएंगे। इसके लिए नागरिक जिला की वेबसाइट पर पंजीकरण कर सकते हैं।
ऑनलाइन पंजीकरण के साथ-साथ उनको अपने संबंधित एसडीएम कार्यालय में दसवीं पास योग्यता का प्रमाण पत्र, जन्म प्रमाण पत्र और आधार कार्ड की कॉपी जमा करवानी होगी। इसके अलावा अपने मोबाइल नंबर की जानकारी भी देनी होगी, यह कार्य किसी भी कार्यदिवस को सुबह नौ बजे से शाम पांच बजे तक कर सकते हैं।
उपायुक्त महावीर कौशिक ने बताया कि किसी भी आपदा या आपातकालीन स्थिति के दौरान आमजन की मदद के लिए वालंटियर की भी आवश्यकता पड़ती है। हालांकि भारत और पाकिस्तान के बीच शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए सीजफायर का निर्णय सरकार द्वारा लिया जा चुका है, लेकिन सरकार के निर्देशानुसार किसी भी समय आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए सिविल डिफेंस वालंटियर तैयार करने हैं।
उन्होंने बताया कि सिविल डिफेंस वालंटियर के लिए कम से कम 18 वर्ष की आयु और दसवीं पास होना जरूरी है। इच्छुक वालंटियर की भारतीय नागरिकता जरूरी है। पंजीकरण के बाद में स्वास्थ्य विभाग, पुलिस विभाग, आपदा प्रबंधन और अग्निशमन विभाग द्वारा जरूरी प्रशिक्षण दिया जाएगा, ताकि जरूरत के समय उनकी सेवाएं ली जा सकें।
उपायुक्त ने बताया कि पंजीकरण के लिए जिला सैनिक बोर्ड, खेल विभाग नेहरू युवा केंद्र, रेड क्रॉस से संबंधित विभागों के अधिकारियों को जरूरी निर्देश जारी कर दिए गए हैं। भिवानी की वेबसाइट पर अपना पंजीकरण करते हैं तो वेबसाइट खोलकर न्यू अपडेट पर जाकर उसके नीचे बने लिंक एनरोल सिविल डिफेंस वालंटियर इन डिस्ट्रिक्ट भिवानी पर क्लिक करें। क्लिक करने के बाद गूगल फार्म को भरें।