नागरिक अस्पताल में बैठे मृतक महिला के परिजन।
भिवानी। गांव दिनोद में हिसार की एक विवाहिता ने दहेज प्रताड़ना से तंग आकर शनिवार शाम को फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतका आरती (20) की शादी 7 दिसंबर 2024 को गांव दिनोद निवासी सौरभ से हुई थी। मामले में परिजनों के बयान पर पुलिस ने पति, सास और ससुर के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
हिसार के आर्य नगर निवासी रणजीत ने सदर थाना पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसकी भतीजी आरती की शादी दिनोद गांव में हुई थी। शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष के लोग उसे दहेज के लिए प्रताड़ित कर रहे थे। परिजनों का आरोप है कि कई बार समझाने के बावजूद स्थिति में सुधार नहीं हुआ और दहेज की मांग जारी रही। ससुराल पक्ष द्वारा बाइक सहित अन्य सामान की मांग को लेकर उसे लगातार परेशान किया जा रहा था जिससे वह मानसिक रूप से परेशान थी।
इसी प्रताड़ना से तंग आकर आरती ने शनिवार शाम अपने घर में पंखे से चुन्नी का फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली।
सदर थाने के जांच अधिकारी सत्यपाल ने बताया कि सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची तो कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था और आरती पंखे से फंदा लगाए हुए मिली। पुलिस ने परिजनों की मौजूदगी में शव को नीचे उतारकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। मृतका के चाचा रणजीत के बयान पर पुलिस ने पति, सास और ससुर के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।