भिवानी। रेवाड़ी जिला निवासी एक परिवार में बेटे की चाहत में बेटी को जहरीला पदार्थ देने के आरोप लगाए हैं। मामले की सूचना मिलने पर किशोरी के मामा ने उसके उपचार के लिए इमरजेंसी में दाखिल करवाया। मामले की सूचना पुलिस को दी।
मामला बुधवार सुबह करीब नौ बजे का है। जिले के एक गांव निवासी सुरेंद्र ने बताया कि उसकी बहन की शादी रेवाड़ी जिले के एक गांव निवासी युवक के साथ हुई थी, जोकि दो बेटियों की मां है। सुरेंद्र का आरोप है कि उसकी बहन को बेटा न होने के कारण उसके ससुराल वाले अक्सर उसे प्रताड़ित करते हैं, जिसके कारण उनके घर में अक्सर क्लेश रहता है। आरोप है कि उसकी बहन का जेठ सरकारी अस्पताल में चिकित्सक है, जोकि अल्ट्रासाउंड के बहाने गर्भपात करवा देता है। करीब एक महीने पहले भी उनका झगड़ा हुआ था, जिसकी उनके सुलह करवा दी थी। बुधवार सुबह करीब नौ बजे उसकी बहन के पति, सास, जेठ व अन्य लोगों ने मिलकर उसकी 17 वर्षीय भांजी को जबरन जहरीला पदार्थ पिला दिया। मामले की सूचना मिलने पर जब वह उसको उपचार के लिए अस्पताल लेकर जाने लगे तो उन्हें धमकी दी कि अस्पताल पहुंचे तो अंजाम बुरा होगा। आरोपी पक्ष ने उनकी गाड़ी का पीछा भी किया। बुधवार शाम करीब चार बजे युवती को उपचार के लिए भिवानी सामान्य अस्पताल की इमरजेंसी में दाखिल करवाया। मामले की सूचना पुलिस को दी। किशोरी की हालत गंभीर बताई जा रही है।