विधायक कपूर सिंह को ज्ञापन सौंपते संयुक्त किसान मोर्चा के सदस्य
भिवानी। संयुक्त किसान मोर्चा के राष्ट्रीय आह्वान पर शनिवार को किसानों ने एमएसपी समेत किसानों-मजदूरों की मांगों को लेकर सत्ता पक्ष के विधायकों और सांसद के कैंप कार्यालयों पर प्रदर्शन किया और ज्ञापन सौंपे। केंद्र सरकार की ओर से 9 दिसंबर 2021 को दिल्ली की सीमाओं पर हुए ऐतिहासिक किसान आंदोलन के दौरान दिए गए लिखित आश्वासन लागू न होने पर किसानों ने रोष जताया।
संयुक्त किसान मोर्चा के सदस्य एवं किसान सभा के जिला प्रधान रामफल देशवाल, उपप्रधान कामरेड ओमप्रकाश, जिला सचिव मास्टर जगरोशन और युवा कल्याण संगठन के संरक्षक कमल सिंह प्रधान ने बताया कि सबसे पहले बवानीखेड़ा विधायक कपूर वाल्मीकि को ज्ञापन सौंपा गया।
इसके बाद किसान महिला बाल विकास एवं सिंचाई मंत्री श्रुति चौधरी के कैंप कार्यालय पहुंचे। उनकी अनुपस्थिति में पीए दिलबाग नीमड़ी को ज्ञापन दिया गया। इसके बाद भिवानी विधायक घनश्याम सर्राफ के कैंप कार्यालय पर ज्ञापन सौंपा गया। भिवानी-महेंद्रगढ़ सांसद धर्मबीर सिंह के कैंप कार्यालय पर उनकी अनुपस्थिति में पीए पंकज कौशिक को ज्ञापन दिया गया।
उन्होंने बताया कि एमएसपी, कर्जमाफी, बिजली निजीकरण और किसानों के खिलाफ दर्ज मुकदमों की वापसी समेत अन्य मांगों पर केंद्र सरकार ने लिखित आश्वासन दिया था। इन्हें लागू न किए जाने पर किसानों ने सरकार के प्रति आक्रोश जताया और मांगों का समाधान कराने की मांग की। इस अवसर पर संयुक्त किसान मोर्चा के मास्टर उमराव सिंह, सूबेदार धनपत ओबरा, अत्तर कस्वा, निर्मल नाथुवास, कर्ण सिंह जैनावास और रणधीर सांगवान मौजूद रहे।