तोशाम। एसडीएम डॉ. अशवीर सिंह नैन ने उपमंडल के किसानों से आह्वान करते हुए कहा कि सभी किसान मेरी फसल-मेरा ब्योरा पोर्टल पर पंजीकरण जरूर करवाएं। क्योंकि इस पोर्टल पर पंजीकरण करवाने वाले किसान ही मंडी में एमएसपी पर अपनी फसल बेच सकेंगे। सरकार की अन्य जन कल्याणकारी योजनाओं का लाभ भी आन लाइन प्लेट फार्म प्रणाली पर पंजीकरण करवाने वाले किसानों को ही मिलता है।
एसडीएम ने बताया कि मेरी फसल-मेरा ब्योरा प्रदेश सरकार के किसानों के लिए फायदेमंद योजना है, जिसके अन्तर्गत किसानों को अपनी भूमि का विवरण, बैंक खाता नंबर व खेतों में बोई गई रबी फसल का विवरण मेरी फसल-मेरा ब्योरा पोर्टल पर आन लाइन प्लेट फार्म प्रणाली के जरिये दर्ज करवाना होता है। कृषि एवं किसान कल्याण विभाग के खंड कृषि अधिकारी डॉ. बिनेश गोयत ने बताया कि मेरी फसल-मेरा ब्योरा पोर्टल के माध्यम से किसानों की फसल का पंजीकरण किया जा रहा है। ऐसे में सभी किसान अपने खेतों में बोई गई फसल का पंजीकरण अवश्य करवाएं।
किसी कारणवश अपनी जमीन पर फसल की बुआई करने में असमर्थ रहे किसान खाली पड़ी जमीन का पंजीकरण भी अवश्य करवाएं। क्योंकि सरकार द्वारा चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं को भी इस पोर्टल के माध्यम से ही आन लाइन प्लेट फार्म प्रणाली पर लागू किया जा रहा है। मेरी फसल-मेरा ब्योरा पोर्टल पर पंजीकरण नहीं करवाने वाले किसानों को कृषि विभाग द्वारा चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं का लाभ प्राप्त नहीं होगा।
डॉ. बिनेश गोयत ने बताया कि किसान स्वयं अपने मोबाइल से मेरी फसल-मेरा ब्योरा एप पर अपनी फसल का पंजीकरण कर सकते हैं। इसके अलावा किसान ऑनलाइन fasal.haryana.gov.in पोर्टल पर जाकर व नजदीकी अटल सेवा केंद्र से भी अपनी फसलों का पंजीकरण करवा सकते हैं।