भिवानी में धरने पर बैठकर नारेबाजी करते किसान।
भिवानी। गांव कुंगड़ स्थित एसबीआई के पूर्व मैनेजर की ओर से किसानों से धोखाधड़ी कर उनके खातों से निकाली गई राशि वापस देने की मांग को लेकर धरना चौथे दिन भी जारी रहा। इस दौरान किसानों ने कहा कि उन्हें जब तक उनकी राशि वापस नहीं मिलती तब तक धरना जारी रहेगा।
धरने की अध्यक्षता किसान चंद्रभान ने तथा संचालन ग्राम स्वराज्य किसान मोर्चा के बवानीखेड़ा ब्लॉक प्रधान चांदीराम कुंगड़ ने की। ब्लॉक प्रधान चांदीराम कुंगड़ ने कहा कि कड़कड़ाती ठंड में धोखाधड़ी का शिकार किसान अपनी ही राशि लेने की मांग को लेकर धरने पर बैठने को मजबूर हैं। उन्होंने कहा कि गांव कुंगड़ स्थित एसबीआई के पूर्व मैनेजर द्वारा सैकड़ों किसानों के किसान क्रेडिट कार्ड के खातों व स्थायी जमा योजना से करोड़ों रुपये निकाल कर घोटाला किया था। हालांकि बीते दिनों बैंक के उच्च अधिकारियों द्वारा उन्हें 45 दिन में रुपये वापस दिए जाने का आश्वासन दिया था। लेकिन जब तक किसानों को उनका पैसा वापस नहीं मिल जाता, उनका धरना जारी रहेगा। इस अवसर पर दिलबाग, बालीराम, मेहताब, सुलतान जांगड़ा, रतीराम जांगड़ा, रमेश कामरेड सहित अनेक किसान मौजूद रहे।