बिजली लाइन के विरोध में उपायुक्त से मिलने जाते किसान सभा के सदस्य।
भिवानी। अखिल भारतीय किसान सभा के नेतृत्व में गोलागढ़, जूई, ढाणी शंकर, पात्थरवाली व भाखड़ा के किसानों ने जूई से भाखड़ा तक बनने वाली 33 केवी टावर लाइन को लेकर जिला उपायुक्त साहिल गुप्ता से मुलाकात की और लाइन को खेतों के बीच से हटाकर पात्थरवाली माइनर के साथ लगते 16.5 फुट के सरकारी रास्ते से निकालने की मांग की।
किसानों ने बताया कि खेतों के बीचोंबीच टावर लाइन बिछाने से उन्हें भारी नुकसान होगा इसलिए लाइन को वैकल्पिक मार्ग से निकाला जाए। जिला उपायुक्त ने किसानों की समस्या को गंभीरता से लेते हुए विद्युत निगम के अधीक्षण अभियंता विनोद पूनिया को वैकल्पिक रास्ता तलाशने के निर्देश दिए।
इसके बाद किसानों का प्रतिनिधिमंडल विद्युत निगम के अधीक्षण अभियंता विनोद पूनिया से मिला और अपनी समस्या से अवगत कराया। उन्होंने निर्माण कार्यकारी अभियंता मनोज पानू को किसानों के साथ पात्थरवाली माइनर के मार्ग का निरीक्षण करने के आदेश दिए। किसान सभा के जिला प्रधान रामफल देशवाल और उप प्रधान कामरेड ओम प्रकाश ने बताया कि भाखड़ा क्षेत्र में आसपास के गांवों को पर्याप्त बिजली आपूर्ति के लिए 33 केवी सब स्टेशन बनाया जा रहा है जिसके लिए जूई से भाखड़ा तक खेतों से होकर करीब 40 फुट ऊंची और 8 किलोमीटर लंबी टावर लाइन प्रस्तावित है।
उन्होंने आरोप लगाया कि विद्युत निगम ने किसी भी किसान को नोटिस नहीं दिया है और न ही मुआवजे के बारे में कोई जानकारी दी गई है। किसानों का कहना है कि जहां टावर लगेगा वहां लगभग 2.5 वर्ग फुट जमीन स्थायी रूप से प्रभावित होगी साथ ही टावर के आसपास न तो निर्माण कार्य किया जा सकता है और न ही पेड़ लगाए जा सकते हैं जिससे उन्हें नुकसान होगा और किसानों में रोष है। प्रतिनिधिमंडल में किसान सभा की तहसील प्रधान संतोष देशवाल, कोषाध्यक्ष प्रताप सिंह सिंहमार, आनंद शर्मा और पवन कुमार शामिल रहे।