भिवानी। अखिल भारतीय किसान सभा व सयुंक्त किसान मोर्चा ने कई मुद्दों पर चर्चा के लिए 23 जून को किसान महापंचायत बुलाई है। महापंचायत के लिए जिला सचिव मास्टर जगरोशन के नेतृत्व में किसानों ने गांव कतवार, ढाणी कतवार, मंढाण, खावा, मिरान, बिडौला, पिंजोखरा, गारणपुरा, दरियापुर का दौरा किया।
मास्टर जगरोशन ने कहा कि किसानों की अनुमति के बिना खेतों से बीकानेर से पानीपत जाने वाली हाईवोल्टेज बिजली लाइन बिछाने का विरोध जारी है। जगरोशन ने कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा बाजार भाव से 200 गुना मुआवजा दिए जाने की घोषणा के बाद बिजली कंपनियां केवल बाजार भाव का दो गुना मुआवजा देने का आश्वासन दे रही है। बिजली टावरों की जमीन व फसल के उचित मुआवजे की मांग करते हुए जगरोशन ने बताया कि अगर सरकार ने उचित मुआवजा नहीं दिया तो लाइन नहीं बिछाने देंगे।
इसके अलावा डीएपी की भारी किल्लत, ट्यूबवेल कनेक्शन, स्मार्ट मीटर योजना व 2023 कपास बीमा के 350 करोड़ के घोटाले होने ससे किसानों में आक्रोश है। इस मौके पर रविंद्र सांगवान, राजपाल सांगवान, जिले सिंह रहे। संवाद