तोशाम मंडी के गेट के बाहर रोड पर जाम लगाते किसान।
तोशाम। मंडी में सरसों की झार लगने के कारण ट्राॅलियां खाली करने में लग रहे समय के विरोध में किसानों ने शुक्रवार को सुबह करीबन साढ़े 10 बजे तोशाम-सिवानी मार्ग पर मंडी के गेट के सामने जाम लगा दिया। जाम की सूचना मिलते ही करीबन 11 बजे थाना प्रभारी शिव कुमार व तहसीलदार अंकित बैनीवाल मौके पर पहुंचे। थाना प्रभारी शिव कुमार व तहसीलदार अंकित बैनीवाल ने किसानों को समस्या का हल करवाने का आश्वासन देकर जाम खुलवाया।
किसानों ने बताया कि मंडी में ट्राॅली में ही झार लगाई जा रही है। इसके कारण ट्राॅलियां खाली करने में समय लग रहा है। झार के कारण दिन में काफी कम किसान ही सरसों बेच पाएंगे। किसानों का कहना है कि हर रोज 4 सौ से 5 सौ किसान सरसों बेचने के लिए आ रहे हैं। झार के कारण मुश्किल से सौ ट्राॅलियां ही खाली होती हैं, बाकी किसानों भटकते रहते हैं। मांग को लेकर किसानों ने जाम लगा दिया। थाना प्रभारी शिव कुमार व तहसीलदार अंकित बैनीवाल ने किसानों को समस्या का हल करवाने का आश्वासन देकर जाम खुलवाया। थाना प्रभारी शिवकुमार ने बताया कि तहसीलदार को मौके पर बुलाकर व मंडी के कार्यालय में किसानों की सचिव से बात करवाकर जाम खुलवा दिया गया था।
ट्रैक्टर-ट्राॅलियों की लगती हैं लंबी लाइनें
मंडी में सरसों की खरीद के बाद से सिवानी मार्ग पर ट्रैक्टर-ट्राॅलियों की लंबी-लंबी कतारें लग जाती हैं। इससे जाम की स्थिति बनी रहती है। सिवानी-बहल-जूई की ओर जाने वाले आमजन को इधर-उधर के रास्ते से ही निकलकर गंतव्य तक पहुंचाना पड़ता है।