लोहारू। बीमा क्लेम घोटाले को लेकर आगामी 23 जून को लोहारू में होने वाली किसान पंचायत को लेकर रविवार को अनेक किसान नेताओं ने हलके के विभिन्न गांवों का दौरा कर महापंचायत का न्योता दिया।
किसान नेत्री कविता आर्य एडवोकेट, अशोक आर्य एडवोकेट, बलबीर सिंह ठाकन सहित अनेक किसान नेताओं ने रविवार को खरकड़ी, सिंघानी, ढिगावा जाटान, ढिगावा शमियान, गिगनाऊ, झुप्पा कलां, झुप्पा खुर्द, बारवास व बसीरवास गांवों का दौरा किया और किसानों से इस पंचायत में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील की। उन्होंने बताया कि 350 करोड़ रुपये के बीमा क्लेम घोटाला के विरुद्ध 23 जून को लोहारू अनाज मंडी में किसान महापंचायत का आयोजन होगा, इसमें भारी संख्या में किसान पंचायत में हिस्सा लेंगे।
उन्होंने बताया कि फसल बीमा क्लेम लेने के लिए लोहारू हलका के प्रत्येक गांव में जनजागरण अभियान चलाया जा रहा है तथा फसल बीमा क्लेम घोटाला व क्रोप कटिंग से संबंधित जानकारी साझा की जा रही है। इस दौरान रामपाल धारणी, कामरेड विनोद जांगड़ा, कामरेड मनफूल ओबरा, अमित बामल कुड़ल, राहुल मान ढिग़ावा, रविन्द्र, संदीप मौजूद रहे।