तोशाम। जिले के पिंजोखरा गांव में एक किसान की पानी के टैंक में डूबने से मौत हो गई। मृतक दो बच्चों का पिता था और खेतीबाड़ी कर परिवार का पालन-पोषण करता था। ग्रामीणों ने पानी के टैंक में किसान का शव देखा। उन्होंने इसकी सूचना पुलिस को दी। इसके बाद शव को टैंक से बाहर निकालकर जिला नागरिक अस्पताल ले जाया गया।
गांव पिंजोखरा निवासी सतपाल सोमवार को खेत में किसी काम से गया था। इसी दौरान पानी के टैंक के पास उसका पैर फिसल गया। वह गहरे पानी में गिर गया। सतपाल को तैरना नहीं आता था। इस कारण वह बाहर नहीं निकल सका और डूब गया। कुछ समय बाद खेत की ओर गए लोगों ने उसे टैंक में पड़ा देखा। ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
पुलिस ने शव को टैंक से बाहर निकाला। घटना की सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंच गए। इस हादसे के बाद परिवार में मातम छा गया। मृतक सतपाल के परिवार में पत्नी और दो छोटे बच्चे हैं। उसकी असामयिक मौत से पूरे गांव में शोक की लहर है।
तोशाम पुलिस थाना के जांच अधिकारी राकेश कुमार ने बताया कि मृतक के भाई सुनील के बयान दर्ज किए गए हैं। इस संबंध में इत्तेफाकिया मौत मामले की कार्रवाई की गई है।